पानीपत।पालिका बाजार नगर निगम कार्यालय की इमारत एक साल पहले कंडम घोषित हो चुकी है। अब इसकी छत पर बनाई गई कंक्रीट की बाउंड्री वॉल भी बेहद जर्जर होकर इसका मलबा तक टूटकर नीचे गिरने लगा है। जिससे आमजन को जान का खतरा बना हुआ है। इसे देखते हुए निगम अधिकारियों ने खुद की छत वाली बाउंड्री की दीवार को गिराना शुरू कर दिया है। वहीं, छत पर जाने वाले रास्ते पर गेट बंद कर दिया है ताकि कोई भी कर्मचारी या आम आदमी छत पर न जा सके। इस बांउड्री को केवल वहां से गिराया गया है जहां से यह काफी खस्ताहाल थी। कुछ जगह पैचवर्क से बाउंड्री की रिपेयरिंग भी कराई गई है। वहीं, तोड़ी गई बांउड्री के पास चेतावनी पट्टी भी लगाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस कार्यालय को शिफ्ट करने की योजना बनाई जा रही है।
गौरतलब है कि नगर निगम की पालिका बाजार वाली इमारत करीब 40 साल पुरानी हो चुकी है। इसके प्रथम तल के हालात काफी खस्ता हैं। जिसे अमर उजाला ने अपने 17 सितंबर के अंक में भी प्रकाशित किया था। निगम अधिकारियों का कहना है कि इस इमारत को कंडम घोषित करने की प्रक्रिया भी चलाई जा चुकी है। जिस पर पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से इसका निरीक्षा कर इसे कंडम करार दे दिया गया था। वहीं, जल्द ही एग्रो मॉल वाली इमारत में इसे शिफ्ट भी कराया जाएगा। इसके बाद यहां एक नई इमारत का निर्माण कराए जाने की योजना बनाई जा रही है।
नगर निगम के एटीपी योगेश तोमर का कहना है कि किसी का जान माल की हानि न हो इसके लिए इमारत की खस्ताहाल बांउड्री को गिराया गया है। जल्द ही कार्यालय को शिफ्ट कराने की योजना है। वहीं, इस इमारत की जगह दूसरी नई इमारत का प्रोजेक्ट बनाने पर भी मंथन किया जा रहा है।