पानीपत। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शुक्रवार सुबह रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य देश में एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकजुटता के संदेश को फैलाना रहा। जिसमें जिले के स्कूल, कॉलेज, गैर-सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, खिलाड़ियों ने दौड़ लगाकर एकता संदेश दिया। रन फॉर यूनिटी में शामिल खिलाड़ियों ने जिला सचिवालय से दौड़ शुरू की जो सेक्टर 13-17 तक पहुंची। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पानीपत के शहरी विधायक प्रमोद विज ने पहले तो सरदार वल्लभभाई पटेल की फोटो पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद रन फॉर यूनिटी को झंडी दिखा रवाना किया।
विधायक प्रमोद विज ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने हमेशा कहा कि सच्चा नागरिक देश के हित को अपने स्वार्थ से ऊपर रखता है। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य देशवासियों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और अखंडता की भावना को सुदृढ़ करना है। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम ने पानीपत में यह संदेश दिया कि जब देश की बात हो, तो हर नागरिक एक साथ खड़ा है। एडीसी डॉ पंकज ने कहा कि उनके जीवन में अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोच्च थी। उनका कहना था कार्य कोई भी छोटा नहीं होता, निष्ठा से किया गया हर कार्य महान होता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की शिक्षा और विचार आज भी राष्ट्र-निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं। मेयर कोमल सैनी ने कहा कि सरदार पटेल ने समाज के हर वर्ग को समान सम्मान देने की शिक्षा दी। उनका मानना था कि कोई भी देश तभी प्रगति कर सकता है जब वह अंदर से एकजुट हो। इस मौके पर एसडीएम मनदीप सिंह, डीएसपी सुरेश सैनी, महिला विंग जिलाध्यक्ष कुसुम शर्मा, रणपाल ढांडा, चांद भाटिया, नवीन भाटिया, कृष्ण छौक्कर, लोकेश नांगरू, पूर्व पार्षद रामकुमार सैनी, सुनील नौल्था और बीईओ पानीपत विक्रम सहरावत मौजूद रहे।