पानीपत। गुरुग्राम जेल से पैराेल पर आया रिसालू गांव का कमल मलिक फरार हो गया। वह अपहरण और अवैध हथियार रखने के मामले में जेल में बंद था। सेक्टर-29 थाना की पुलिस ने इसमें कमल मलिक के खिलाफ हरियाणा सदाचारी बंदी अधिनियम, 2022 की धारा-9 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गुरुग्राम जेल अधीक्षक ने सेक्टर-29 थाना पुलिस को दी शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि पानीपत के रिसालू गांव के कमल मलिक के खिलाफ 26 मार्च 2019 को थाना सिविल लाइन गुरुग्राम में अपहरण व अवैध हथियार रखने का केस दर्ज किया था। कोर्ट ने इस मामले में कमल मलिक को आजीवन कठोर कारावास की कैद व एक लाख रुपये जुर्माना की सजा सुनाई थी। जुर्माना न भरने पर तीन साल की अतिरिक्त सजा काटनी थी। आयुक्त गुरुग्राम मंडल व जिलाधीश के आदेश पर सात अगस्त को तीन सप्ताह के पैरोल पर रिहा किया गया था। बंदी कैदी को 29 अगस्त को शाम पांच बजे तक जेल में आत्मसमर्पण करना था लेकिन वह जेल में हाजिर नहीं हुआ। गुरुग्राम जेल अधीक्षक ने थाना चांदनी बाग को आठ सितंबर को पत्र लिखा। जबकि कैदी का रिसालू गांव थाना सेक्टर-29 क्षेत्र के अंतर्गत आता है। ऐसे में काफी समय बाद तक भी बंदी के खिलाफ केस दर्ज नहीं हुआ तो अब जेल अधीक्षक ने सेक्टर-29 थाना पुलिस को शिकायत दी है। थाना पुलिस ने इस मामले में अब कार्रवाई की है।