- छेड़खानी पर युवती के दोस्तों ने धमकाया तो प्राॅपर्टी डीलर ने लगा दिया रंगदारी मांगने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। विराट नगर निवासी प्रॉपर्टी डीलर से लारेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के नाम पर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला प्रारंभिक जांच में फर्जी निकला। एक युवती से छेड़खानी करने पर अमेरिका और दुबई में रह रहे युवती के दोस्तों ने फोन कर शिकायतकर्ता को धमकाया था। जिसकी रंजिश में उसने दोनों युवकों पर दबाव बनाने के लिए पर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप लगा दिए थे। पुलिस ने झूठी सूचना देने पर शिकायतकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की है।
थाना मॉडल टाउन क्षेत्र के अनमोल ने थाने में शिकायत दी थी कि शुक्रवार दोपहर को उसे विदेशी नंबर से कॉल कर लारेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गैंग के नाम पर फोन कर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। जैसे ही पुलिस को शिकायत मिली तो तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने जिन नंबरों से कॉल आई थी उनकी डिटेल खंगाली तो पता चला कि युवक पानीपत के रहने वाले हैं व अमेरिका और दुबई में रह रहे हैं। पुलिस ने उनके परिजनों से बात की साथ ही युवकों की कॉल डिटेल खंगाली गई। जांच में मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने शिकायतकर्ता को थाने बुलाया। पहले तो शिकायतकर्ता ने अपना फोन बंद कर दिया। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता से संपर्क कर पूछताछ की।
युवकों पर दबाव बनाने का किया था प्रयास
डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने बताया कि शिकायतकर्ता और आरोपी युवक पहले से एक-दूसरे के संपर्क में हैं और दोस्त रहे हैं। वीरवार शाम को शिकायतकर्ता ने एक युवती से छेड़खानी की थी। युवती ने अपने अमेरिका और दुबई में रह रहे दोस्तों को इसकी सूचना दी थी। जिसके बाद उन्होंने शिकायतकर्ता को फोन कर ऐसा करने पर धमकाया था। इस पर उसने दुबई में रह रहे शुभम को मैसेज किया था कि 25 लाख मैं कहां से दूं, जिस पर युवक ने रिप्लाई किया था कि 25 लाख तो हम तुम्हें दे देंगे। इसके बाद उसने युवकों पर दबाव बनाने के लिए झूठी शिकायत थाने में दी थी। पुलिस ने उनकी कॉल डिटेल और उनके बीच हुई व्हाट्सएप चैटिंग को कब्जे में लिया गया है। थाने में रंगदारी की झूठी शिकायत देने पर शिकायतकर्ता के खिलाफ निषेधात्मक कार्रवाई की है।