पानीपत। थाना तहसील कैंप क्षेत्र में रविवार सुबह करीब चार बजे जीटी रोड एलिवेटेड हाईवे पर ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक युवक नवीन (34) की मौत हो गई।
कांवड़िए सागर समेत तीन युवक घायल हो गए। युवक हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे अपने दोस्त सागर की मदद के लिए हांसी हिसार से पानीपत पहुंचे थे। लौटते समय समय रोहतक हाईवे के स्थान पर वह गलती से जीटी रोड पर पहुंच गए। यू-टर्न लेकर वापस जाने लगे तो चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा रविवार सुबह करीब चार बजे एलिवेटेड हाईवे पर कोर्ट के सामने हुआ।
हिसार जिले के हांसी की कृष्णा कॉलोनी निवासी विनोद ने बताया कि उसके मामा के बेटे नवीन का दोस्त सागर निवासी कृष्णा कॉलोनी हांसी अपने साथियों के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेने आए थे। शनिवार को सागर ने नवीन को फोन किया कि उसने जल उठा लिया। लेकिन, उसके पैरों में छाले हो गए हैं। जिस कारण वह चल नहीं पा रहा है उसकी कांवड़ लेने आ जाओ। इसके बाद नवीन अपने तीन अन्य दोस्त हिमांशु, दुष्यंत और रजत के साथ सागर की कांवड़ लाने में मदद करने के लिए हांसी से पानीपत पहुंचे। शामली रोड पर उनकी सागर से मुलाकात हुई।
उन्होंने सागर को भी कांवड़ सहित अपने साथ ऑल्टो कार में बैठा लिया और हिसार के लिए निकल गए। जब वह वह जीटी रोड हाईवे के पास पहुंचे तो वह रोहतक हाईवे पर चढ़ने के बजाय गलती से जीटी रोड पर आ गए और करनाल की साइड चलने लगे। नवीन ही कार चला रहे थे और बराबर वाली सीट पर सागर व पीछे अन्य दोस्त बैठे थे। एलिवेटेड हाईवे पर पहुंचकर उन्हें गलती का अहसास हुआ तो टोल पर पहुंचकर उन्होंने यू-टर्न लिया और वापस रोहतक हाईवे की ओर चल दिए।
जब वह कोर्ट के सामने पहुंचे तो नवीन को झपकी आ गई। जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर हाइवे पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार चला रहे नवीन और बराबर में बैठे सागर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को टीजी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर नवीन की कुछ देर बाद मौत हो गई। वहीं सागर की हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआई रोहतक में भर्ती करा दिया।
बाकी दोस्तों को हल्की चोट होने के कारण अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। कार को अपने कब्जे में ले लिया है। थाना तहसील कैंप प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि सुबह चार बजे हादसा हुआ था। कार चालक को नींद आने के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे में एक युवक की मौत हुई है।