समालखा। समालखा क्षेत्र के जौरासी गांव के जंगल में रजवाहे के पास मिले युवक के शव की शिनाख्त इंतजार (35) निवासी चुलकाना के रूप में हुई है। पत्नी शबाना ने रविवार को नागरिक अस्पताल पहुंचकर शव की पहचान की। पुलिस ने तीन डॉक्टरों के पैनल से शव पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में शरीर पर चोट के निशान मिले, लेकिन मौत के कारण स्पष्ट नहीं हुए। जिस कारण विसरा जांच को भेजा गया है। उधर, पुलिस इस मामले को हत्या का मानकर जांच कर रही है।
वीरवार को जौरासी गांव के जंगल में रजवाहे के पास खून से लथपथ शव मिला था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने के प्रयास किए थे, लेकिन, शव की शिनाख्त नहीं हुई थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि तीन दिन से चुलकाना निवासी इंतजार लापता है। पुलिस ने तुरंत ही चुलकाना से इंतजार के परिजनों को थाने पर बुलाया। इंतजार के पिता गोगा और पत्नी शबाना थाने पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस के साथ नागरिक अस्पताल के शवगृह में पहुंचकर इंतजार के शव की शिनाख्त कर ली।
शबाना ने बताया उनके पति इंतजार गांव में ही राजमिस्त्री के साथ मजदूरी करते थे। 18 फरवरी को वह घर से निकले थे। इसके बाद वह घर नहीं आए। जिस कारण उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी थी। शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। पुलिस ने तीन डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया। शुरुआती जांच रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, लेकिन मौत के कारण स्पष्ट नहीं हुए। जिस कारण चिकित्सकों ने विसरा जांच को भेज दिया है।
पुलिस खंगाल रही डिटेल
उधर, पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है। शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने इंतजार के मोबाइल फोन की डिटेल भी खंगाली, साथ ही उसके कुछ साथियों से जानकारी की जा रही है। यही नहीं पुलिस ने गांव और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सबूत नहीं लगा है।
सीसीटीवी और इंतजार की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। कुछ संदिग्धों को चिन्हित किया गया है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
-गुलशन, प्रभारी थाना समालखा।