पानीपत। पुलिस के पीओ स्टाफ ने हत्या और बाइक लूट के मामले में भाग चुके एक आरोपी को 31 साल बाद गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली है। आरोपी पुलिस का वांछित था और यूपी के मुजफ्फरनगर के अलग-अलग गांवों में छिपकर रह रहा था। आरोपी की पहचान मुजफ्फरनगर के गोगवान गांव के सुलेमान उर्फ मुस्तकीम के रूप में हुई है। उसे एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। पीओ स्टाफ के नोडल अधिकारी डीएसपी राजबीर सिंह ने वीरवार को मामले का पटाक्षेप किया है।
उन्होंने बताया कि अप्रैल 1994 में असंध रोड पर रामलाल चौक के नजदीक स्थित दुकान के बाहर भाटिया कॉलोनी निवासी वेद प्रकाश की गोली मारकर हत्या कर उसकी यामहा बाइक लूटी थी। परिजनों के अनुसार वेद प्रकाश अपनी दुकान पर बैठा था। उसने आरोपियों को अपनी यामहा बाइक चोरी करते देख दुकान से बाहर निकलकर विरोध किया तो आरोपी पिस्तौल से गोली मारकर उसकी हत्या कर बाइक लूट कर भाग गया था।
इस वारदात के बारे में मृतक के पिता धनपत राम अग्रवाल की शिकायत पर थाना माडल टाउन में आईपीसी की धारा 394, 302, 34 के तहत अभियोग दर्ज किया गया था। इस मामले में दो आरोपी भूप सिंह व रणपाल निवासी गगसीना करनाल को गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने पूछताछ में अपने साथी आरोपी सुलेमान उर्फ मुस्तकीम निवासी गोगवान मुजफ्फरनगर यूपी के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा था। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया था। इसके बाद तीसरे आरोपी सुलेमान की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
पीओ स्टाफ प्रभारी छबील सिंह व उनकी टीम यूपी के मुजफ्फरनगर के खामपुर से हत्या के मामले में वांछित आरोपी सुलेमान को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या व लूट की उक्त वारदात को अंजाम देने के बारे में स्वीकारा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी वारदात के बाद लूटी यामहा मोटरसाइकिल को लेकर यूपी भाग गया था। आरोपी ने पुलिस पकड़ के डर से मोटरसाइकिल यूपी के शामली में लावारिस हालत में खड़ी दी थी। यूपी की शामली पुलिस ने मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया था। आरोपी सुलेमान वारदात के बाद से ही पुलिस पकड़ से बचने के लिए यूपी मुजफ्फरनगर के विभिन्न गांवों में छिपकर रह रहा था। आरोपी को वीरवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपी से वारदात में प्रयुक्त अवैध पिस्तौल बरामद करने के साथ ही असलहा सप्लायर के ठिकानों का पता लगाया जाएगा।