पानीपत। वृंदावन ट्रस्ट की ओर से वार्षिक श्याम ध्वजा यात्रा 21 फरवरी को चुलकाना धाम के लिए निकाली जाएगी। यह तड़के चार बजे प्रस्थान करेगी। यात्रा गोहाना रोड स्थित सुविधा शोरूम के पास से शुरू होगी। इस साल यह 14वीं यात्रा होगी। वृंदावन ट्रस्ट ने इसके लिए मंगलवार को बैठक की। ट्रस्ट के महासचिव हरीश बंसल ने बताया कि श्याम मंदिर सेवा समिति चुलकाना धाम के प्रधान रोशन लाल, सचिव प्रवीण सिंगल ने वृंदावन ट्रस्ट के सभी सदस्यों को यात्रा के लिए बधाई दी और सभी श्याम प्रेमियों का स्वागत भी समिति द्वारा किया जाएगा और बताया कि यात्रा के लिए ध्वज तैयार किया जाएंगे।
यात्रा में आने वाले हर एक श्याम प्रेमी को यह ध्वज दिया जाएगा। यह वार्षिक यात्रा हर वर्ष की तरह गोहाना रोड से चलकर बाबा के धाम चुलकाना धाम पहुंचेगी। इस बार परिवार समेत लोगों को यात्रा में चलने के लिए आमंत्रित किया जाएगा इसके लिए टीम हर गांव, कॉलोनी, वार्डों में जाकर लोगों को संदेश देगी। ट्रस्ट के गोरस बंसल आशीष गर्ग, सुनीता भारद्वाज ने बताया कि श्याम निशान यात्रा एक धार्मिक और आस्था से जुड़ी यात्रा है जो विशेष रूप से भारत के विभिन्न स्थानों पर श्याम भक्तों द्वारा आयोजित की जाती है। यह यात्रा श्याम बाबा के प्रति भक्तों की श्रद्धा और प्रेम को व्यक्त करने का एक महत्वपूर्ण तरीका है। निशान यात्रा में भक्त श्याम बाबा के ध्वज (निशान) के साथ यात्रा करते हैं और उनकी पूजा-अर्चना करते हैं। यात्रा में सम्मिलित होकर भक्त अपने आध्यात्मिक जीवन में उन्नति प्राप्त करते है। वृंदावन ट्रस्ट की ओर से इस आध्यात्मिक यात्रा को एक भव्य उत्सव के रूप में मनाया जाता है और इसे श्याम बाबा के प्रति भक्तों की अडिग श्रद्धा और समर्पण के रूप में देखा जाता है। महासचिव ने बताया कि उन्होंने पहली यात्रा 2014 में शुरू की थी। इस अवसर पर राकेश बंसल, संरक्षक विकास गोयल, ट्रस्टी पुनीत गर्ग, वरुण सिंगला, इशू गोयल, जोगिंदर कुंडू और बलदेव गांधी उपस्थित रहे।