पानीपत। एलिवेटिड हाईवे पर जिला सचिवालय के सामने एक थार गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर लगे खंभे से टकरा गई। इस हादसे में दिल्ली के सरकारी स्कूल में कार्यरत पीटीआई की मौत हो गई। इस हादसे में उसकी पत्नी बाल-बाल बच गई। दोनों गाड़ी में दिल्ली से करनाल के गांव समालखा जा रहे थे। थाना शहर पुलिस ने 174 की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम करान के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
करनाल के समालखा गांव निवासी युवक के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया सुमित कुमार (33) दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में पीटीआई था। इन दिनों उसकी तिहाड़ जेल में ड्यूटी थी। उसकी पत्नी रक्षा मंत्रालय दिल्ली में तैनात हैं। वह शाहबाद डेरी साहिबाबाद दौलतपुर उत्तर पश्चिमी दिल्ली में रहता था। वे दोनों शनिवार को थार गाड़ी में दिल्ली से अपने गांव जा रहे थे। इस दौरान एलिवेटेड हाईवे पर जिला सचिवालय के सामने थार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर खड़े खंभे से जा टकराई। उसकी पत्नी ने राहगीरों की मदद से उसको शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। जहां उसको मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही थाना शहर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को शवगृह में रखवाया और गाड़ी को हटाकर एलिवेटेड हाईवे का यातायात सुचारु किया।
परिवार में मातम पसरा
परिजनों ने बताया कि सुमित कुमार की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी। दोनों दिल्ली में नौकरी कर अपना जीवन खुशी के साथ बिता रहे थे। गणतंत्र पर सरकारी अवकाश होने के चलते वे गांव में परिवार के सदस्यों से मिलने आ रहे थे। इस दौरान ये हादसा हो गया। सुमित कुमार की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया।
वर्जन :
एलिवेटेड हाईवे पर थार गाड़ी के खंभे से टकराने पर चालक सुमित कुमार की मौत हो गई। पुलिस ने इसमें 174 की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
अनिल कुमार, प्रभारी, थाना पुलिस शहर।