पानीपत। किशनपुरा क्षेत्र में सदानंद स्कूल के पास दुकान के बाहर रखी दूध की क्रेट से चार किशोर 11 पैकेट दूध चोरी करते सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए। दुकानदार ने किशोरों की गलती स्वीकार करने और उनके परिवारों की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस में शिकायत देने के बजाय उन्हें माफ कर दिया।
सदानंद चौक मार्केट एसोसिएशन के उपप्रधान सुरेंद्र नैन ने बताया कि किशनपुरा निवासी मोहित उनके पड़ोसी हैं और दोनों दूध का कारोबार करते हैं। रोजाना तड़के करीब साढ़े तीन बजे दूध की गाड़ी आती है और मोहित सुबह चार बजे दुकान पर पहुंचते हैं। सोमवार सुबह दुकान पर दूध के स्टॉक की जांच की तो पैकेट कम मिले। इस पर दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में मुंह पर कपड़ा बांधे चार किशोर क्रेट से दूध के 11 पैकेट निकालते दिखाई दिए।
फुटेज के आधार पर किशोरों की पहचान कर उनके परिजनों से संपर्क किया गया। परिजनों ने दूध के पैसे देने और अपनी ओर से माफी मांगने की बात कही। इसके बाद दुकानदार ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई। सेक्टर-29 थाना प्रभारी रोबिन ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। ब्यूरो