पानीपत के चांदनीबाग थानाक्षेत्र में दो वर्षीय मासूम बच्ची के साथ पड़ोस में रहने वाले किशोर ने दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची की मां उसे लेकर सामान्य अस्पताल पहुंची। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
चांदनीबाग थाने में दी शिकायत में मूलरूप से यूपी निवासी मां ने बताया कि वह पिछले तीन माह से किशनपुरा चौकी क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी में किराए के मकान में रहती है। मकान मालिक के घर बर्तन-झाड़ू करती है। पति गांव में रहता है। गत शुक्रवार को वह काम कर रही थी।
इसी बीच पड़ोस में रहने वाला 15 वर्षीय लड़का घर से दो वर्षीय बेटी को कुछ खिलाने का बहाना बनाकर साथ ले गया। उसने कमरे में टीवी की आवाज तेज कर बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। घर पहुंची बेटी खून से लथपथ रोती मिली।
सख्ती से पूछने पर कबूली वारदात
मां ने बताया कि उसने पड़ोसी किशोर को काबू कर लिया। पहले तो वह बहाने बनाता रहा लेकिन सख्ती से पूछने पर उसने वारदात कबूल कर ली। माफी मांगने लगा। पीड़ित बच्ची की मां ने बताया कि मकान मालकिन और आरोपी किशोर की मां ने उसकी बेटी का साथ नहीं दिया। बदनामी का हवाला देते हुए बच्ची को तीन दिन तक घर पर दवा दिलवाई। आराम न मिलने पर शुक्रवार को सामान्य अस्पताल लेकर पहुंची और पुलिस से शिकायत दी।
टीवी में सीरियल देखकर की हरकत
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने दो दिन पहले टीवी में सीरियल देखा था। इसके बाद वह पड़ोस में गया और बच्ची को घर लेकर आ गया और वारदात की।
बच्ची की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट छह के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।- महिपाल सिंह, चांदनीबाग थाना प्रभारी