पानीपत। सुप्रीम कोर्ट की मेडिएशन एवं कन्सिलिएशन प्रोजेक्ट कमेटी द्वारा मेडिएशन फॉर नेशन 3.0 अभियान का शुभारंभ किया गया है। इस राष्ट्रीय अभियान का मुख्य उद्देश्य विवादों का त्वरित, सुगम और कम खर्चीला समाधान उपलब्ध कराना तथा समाज में आपसी समझ और संवाद की भावना को बढ़ावा देना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी वर्षा शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत न्यायालयों में लंबित ऐसे मामलों की पहचान की जाएगी। इनमें समझौते की गुंजाइश है। संबंधित पक्षों की सहमति से उन्हें मध्यस्थता केंद्रों में भेजा जाएगा ताकि अधिक से अधिक मामलों का आपसी रजामंदी से निस्तारण हो सके। मध्यस्थता एक स्वैच्छिक, गोपनीय और सरल प्रक्रिया है, जिसमें प्रशिक्षित मध्यस्थ दोनों पक्षों की बातचीत के जरिए न्याय दिलाने में मदद करते हैं। इससे समय और धन की बचत के साथ-साथ आपसी रिश्ते भी बरकरार रहते हैं।
अभियान में पारिवारिक व वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावे, चेक बाउंस, उपभोक्ता, व्यापारिक, श्रम व दीवानी मामलों को शामिल किया गया है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जिले के सभी वादकारियों व अधिवक्ताओं से अपील की है कि वे समझौते योग्य मामलों को जिला मध्यस्थता व सुलह केंद्र, में भेजें। प्राधिकरण ने नागरिकों से विवाद नहीं, संवाद चुनें का संदेश दिया है और मध्यस्थता अपनाकर सौहार्दपूर्ण समाज बनाने की अपील की है।