राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बबैल में खेल दिवस पर दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ करते विशिष्ट
पानीपत। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बबैल में खेल दिवस पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरा विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा मुख्य अतिथि व गांव के अपने समय के कबड्डी खिलाड़ी व समाजसेवी जयकिशन अहलावत विशिष्ट अतिथि रहे। जिला शिक्षा अधिकारी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों को पढ़ाई के साथ दिनचर्या का मुख्य भाग बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुपर-100, बुनियाद आदि शिक्षा विभाग की योजनाओं का लाभ लेना चाहिए। विद्यालय प्रभारी अजेंद्र कुंडू ने बताया कि खेल दिवस में विद्यालय को चार हाउस में बांटकर प्रतियोगिता करवाई जा रही हैं जिसमें अंडर-14, अंडर-17 व अंडर-19 के समूह में लड़के व लड़कियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी बच्चों ने कार्यक्रम का आनंद लिया।
विशिष्ट अतिथि ने बच्चों को नशे से दूर रहकर अपने शरीर पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ आत्मा निवास करती है।