पानीपत। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में रिक्त सीटों पर चल रही ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया का शनिवार को अंतिम दिन रहेगा। आईटीआई प्रबंधन की मानें तो तीन बार अंतिम तिथि बढ़ाने के बावजूद भी विद्यार्थी दाखिले की तरफ रुझान नहीं दिखा रहे। विद्यार्थियों को मनपसंद ट्रेड में सीटें पूरी होने से दाखिला नहीं मिल पा रहा जबकि दूसरी ट्रेड में दाखिला नहीं लेना चाहते। यही कारण है कि रिक्त सीटों पर दाखिले नहीं हो पा रहे।
जिले की 13 आईटीआई में करीब 2500 सीटों पर दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चली। इस दौरान आईटीआई की 34 ट्रेड में 924 सीटों पर 7430 आवेदन प्राप्त हुए थे। सीटें रिक्त रहने पर कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग चार बार ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया की अंतिम तिथि बढ़ा चुका है। इस दौरान पानीपत आईटीआई में 924 सीटों में से 776 सीटों पर ही दाखिला हो पाया जबकि करीब 148 सीटें खाली हैं। जिले की अन्य 12 आईटीआई में भी यही हालात हैं।
यहां भी कई ट्रेड्स में सीटें खाली हैं। विभाग ने खाली सीटों पर विद्यार्थियों को दाखिला देने का अंतिम अवसर देते हुए ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 जनवरी कर दी थी। विद्यार्थियों के पास दाखिला लेने के लिए महज एक दिन का समय है, लेकिन विद्यार्थियों में दाखिलों की तरफ रुझान नजर नहीं आ रहा।
इलेक्ट्रीशियन, फिटर और टर्नर ट्रेड हैं मनपसंद
आईटीआई में तीन बाद बढ़ाई गई ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया के बावजूद विद्यार्थियों ने दाखिलों को लेकर खास रुझान नहीं दिखाया। आईटीआई प्रबंधन की मानें तो विद्यार्थियों में दाखिला लेने वाले ज्यादातर विद्यार्थी इलेक्ट्रीशियन, फिटर और टर्नर जैसी ट्रेड में दाखिला लेना चाहते हैं, लेकिन इन ट्रेड की निर्धारित सभी सीटें पहले दो चरणों में ही भर जाती हैं। जिन ट्रेड में अभी सीटें खाली हैं, उनमें विद्यार्थी दाखिला लेना नहीं चाहते।
इन ट्रेडों में रुझान नहीं दिखा रहे विद्यार्थी
ट्रेड कुल सीटें रिक्त सीटें
वीविंग टेक्नीशियन 24 23
टेक्नीशियन पीईएस 24 13
स्पिनिंग टेक्नीशियन 20 17
फाउंड्रीमैन 48 38
फॉर्गर एंड हीट ट्रीटर 20 10
शीट मेटल वर्कर 20 09
आईटीआई में चल रही ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया का महज एक दिन शेष हैं। पानीपत आईटीआई में अभी विभिन्न ट्रेड में करीब 148 सीटें खाली हैं। निर्धारित समय में इन सभी सीटों का भर पाना मुश्किल लग रहा है। विद्यार्थियों के पास किसी भी आईटीआई में दाखिल लेने के लिए महज 15 जनवरी तक का ही समय शेष है। जो विद्यार्थी दाखिला लेना चाहता है, वह अपने प्रमाणपत्र लेकर संबंधित आईटीआई में पहुंचे और दाखिला सुनिश्चित करवाए।
- डॉ. कृष्ण कुमार, प्राचार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, पानीपत।