इंग्लिश मीडियम स्कूलों में पढने वाले बच्चे इंग्लिश के पेपर में ही उलझ गए। कुछ स्कूलों के परीक्षार्थी पूरा प्रश्न पत्र हल नहीं कर सके। वहीं टीचर एवं विशेषज्ञों ने इंग्लिश के पेपर को सामान्य बताया।
सीबीएसई की ओर से मंगलवार से शुरू हुई परीक्षा में पहला पेपर इंग्लिश का रहा। परीक्षा का समय साढ़े 10 बजे का रहा और परीक्षार्थियों की दस बजे की इंट्री कर दी गई।
परीक्षार्थी धड़कते दिल के साथ अपने-अपने ईष्ट देवताओं का नाम लेकर परीक्षा केंद्र में दाखिल हुए। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में दाखिल होते ही उत्तरपुस्तिका दे दी।
इसके बाद समय होते ही प्रश्न पत्र दिए गए। परीक्षार्थियों ने अपने हिसाब से प्रश्न पत्र को हल किया और परीक्षा डेढ़ बजे खत्म हुई। जिले में पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्वक ढंग से सपन्न हुई।
कुछ परीक्षार्थी बोले लंबा था पेपर, कुछ बोले लगा आसान
परीक्षार्थियों की इंग्लिश विषय के पेपर को लेकर मिलीजुली प्रतिक्रिया रही। आशीष व दीपक ने बताया कि इंग्लिश का पेपर काफी लंबा रहा।
वे समय शुरू होते ही प्रश्न पत्र को हल करने लगे थे और आखिरी समय तक लगे रहे। इसके बाद भी उनके एक या दो प्रश्न हल नहीं हो सके। रुचि व अमृता ने बताया कि इंग्लिश विषय का पेपर काफी अच्छा रहा। उनको प्रश्नपत्र को हल करने में ज्यादा समय नहीं लगा।
पेपर रहा आसान, परीक्षार्थी टाइम मैनेजमेंट पर दें ध्यान
एसडी विद्या मंदिर स्कूल की प्रिंसिपल सबिता चौधरी ने बताया कि सीबीएसई 12वीं कक्षा की परीक्षा का मंगलवार को पहला पेपर इंग्लिश विषय का रहा। कुछ परीक्षार्थियों ने प्रश्न पत्र को लैंथी बताया। उनके स्कूल के विद्यार्थी प्रश्न पत्र को आसान बता रहे थे। परीक्षार्थियों को टाइम मैंनेजमेंट पर ध्यान देना चाहिए। कुछ परीक्षार्थी उत्तर को लंबा लिखते हैं। जिससे उनका समय ज्यादा लग जाता है और पूरा प्रश्न हल नहीं कर पाते। विद्यार्थियों को विषय को सहजता के साथ लिखना चाहिए।