माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। थाना मतलौडा क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल के बाहर से सोमवार को दो युवकों ने चाकू की नोक पर 11वीं की छात्रा का अपहरण कर मोटरसाइकिल पर बैठा लिए और एक होटल में ले गए। जहां एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर छात्रा के साथ मारपीट की।
आरोपी दुष्कर्म के बाद छात्रा को मतलौडा अनाज मंडी के पास छोड़कर भाग गए। दोनों ने छात्रा को जान से मारने की धमकी दी है। छात्रा ने घर पर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर दोनों के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छात्रा का मेडिकल कराया। पुलिस अब दोनों की तलाश में दबिश दे रही है।
पीड़िता के परिजन ने पुलिस को बताया कि उनके तीन बच्चे हैं। उनकी बेटी एक सरकारी स्कूल में 11वीं में पढ़ती है। वह सोमवार को साइकिल पर स्कूल गई थी। स्कूल के पास दो युवक साबिर और रोहन उसे चाकू दिखाकर बाइक पर एक होटल में ले गए। जहां पर आरोपी साबिर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। वह डर के चलते दो दिन चुप रही। उसके गुमसुम रहने पर मंगलवार शाम को उन्होंने उससे फिर पूछा तो उसने आपबीती बताई। पुलिस ने साबिर और रोहन के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, जाने से मारने की धमकी देने और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।