पानीपत। बिशनस्वरूप कॉलोनी के पीछे रेलवे ट्रैक पार करते हुए कोचिंग सेंटर के छात्र की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। छात्र कोचिंग सेंटर से हरिसिंह कॉलोनी स्थित अपने घर जा रहा था।
जीआरपी ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। जीआरपी मामले की जांच कर रही है।
हरिसिंह कॉलोनी निवासी उत्तम कुमार ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के गया का रहने वाला है। वह 10 साल से पानीपत में किराए पर रहता है। वह हरि सिंह कॉलोनी में एक फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड है। वह तीन बेटों का पिता था। उसका सबसे बड़ा बेटा रोहित (20) था। मझला बेटा अनुपम आठवीं व छोटा बेटा अनुराग पांचवीं कक्षा में पढ़ता है। रोहित 12 वीं पास करने के बाद बिशनस्वरूप कॉलोनी में कंप्यूटर की कोचिंग कक्षा में जाता था। मंगलवार को घर से कोचिंग के लिए गया था।
वह शाम चार बजे कोचिंग कक्षा से वापस अपने हरिसिंह कॉलोनी स्थित घर आ रहा था। ट्रैक पार करते हुए वह करनाल की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।