उझा रोड पर ट्रिपिंग करती बिजली लाइन।
पानीपत। उझा रोड क्षेत्र में वीरवार रात आई तेज आंधी के कारण 11 केवी बिजली लाइन पर पेड़ गिर जाने से आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो गई। इस कारण क्षेत्र में करीब 20 घंटे तक बिजली संकट बना रहा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली निगम के कर्मचारी शुक्रवार रात से ही मरम्मत कार्य में जुटे रहे। लगातार प्रयासों के बाद शनिवार शाम तक लाइन को पूरी तरह दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी।
स्थानीय निवासी महिपाल ने बताया कि लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से आम लोगों के साथ-साथ उद्योगों का कामकाज भी प्रभावित हुआ। बार-बार बिजली गुल होने से दैनिक गतिविधियों में भी बाधा आई। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बरसात और आंधी के मौसम को देखते हुए बिजली लाइनों के आसपास खड़े पेड़ों की समय-समय पर छंटाई कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्याओं से बचा जा सके।