संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। 59वीं राज्य स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता 2026-27 के लिए शिक्षा विभाग ने संशोधित कैलेंडर जारी कर दिया है। पहले पानीपत में 22 से 24 अगस्त तक प्रतियोगिताएं प्रस्तावित थीं, लेकिन तारीखों में बदलाव किया गया है। निदेशालय की ओर से जारी संशोधित कैलेंडर के अनुसार अब पानीपत में राज्य स्तरीय मुकाबले 5 से 7 सितंबर तक होंगे।
संशोधित कार्यक्रम के तहत पानीपत को शतरंज, बैडमिंटन और फुटबॉल प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिली है। शतरंज और बैडमिंटन में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक और बालिकाएं हिस्सा लेंगे। वहीं फुटबॉल में इन्हीं आयु वर्गों की बालिकाओं के मुकाबले होंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों से जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी इन प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
निदेशालय के अनुसार विभिन्न जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों, खेल संघों, सीबीएसई और अभिभावकों की ओर से प्रतियोगिताओं की तारीखों के टकराव को लेकर अनुरोध प्राप्त हुए थे। इन्हीं अनुरोधों को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिताओं का संशोधित कैलेंडर जारी किया गया है।
प्रतियोगिताओं से संबंधित पहले जारी दिशा-निर्देश यथावत रहेंगे। खिलाड़ियों और टीमों के दस्तावेजों की स्क्रीनिंग एवं सत्यापन के बाद ही उन्हें प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति दी जाएगी। सभी मुकाबले निर्धारित नियमों के अनुसार कराए जाएंगे।
संशोधित कैलेंडर में पानीपत के मुकाबले
5 से 7 सितंबर
शतरंज: अंडर-14, 17 और 19, बालक व बालिका
बैडमिंटन: अंडर-14, 17 और 19, बालक व बालिका
फुटबॉल: अंडर-14, 17 और 19, बालिका
वर्जन
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियां की जाएंगी। खिलाड़ियों के लिए खेल स्थल, चिकित्सा, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि पानीपत में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन बेहतर व्यवस्थाओं के साथ कराया जा सके। - राकेश बूरा, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत