-वार्डबंदी अभी तय होना बाकी
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने सोमवार को दोपहर बाद स्थानीय स्काईलार्क पर्यटन केंद्र में निगम चुनाव को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। साथ ही उन्हाेंने आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निगम के चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी जाए और सभी अधूरे कार्यों को पूरा कर लिया जाए। सभी मतदान केंद्र ग्राउंड फ्लोर पर बनाए जाएं ताकि किसी को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मतदान केंद्रों पर रैंप की सुविधा भी उपलब्ध हो। वरिष्ठ नागरिकों व गर्भवती महिलाओं के लिए चुनाव के दौरान बैठने की विशेष सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। सभी पोलिंग स्टेशनों पर रोशनी, बिजली की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने कहा कि सभी पोलिंग स्टेशनों पर मेडिकल किट की सुविधा और पीने का शुद्ध पानी उपलब्ध हो।
मतदान करने के लिए पहुंचने वाले व्यक्तियों के लिए शौचालय की विशेष व्यवस्था का ध्यान रखा जाए। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह को आश्वस्त किया कि भविष्य में होने वाले निगम चुनाव को लेकर निगम अधिकारियों द्वारा सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं और किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं आनी दी जाएगी। लोगों को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े। उसके लिए प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं निगम आयुक्त डॉ. पंकज यादव, संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी, डीएमसी अरुण भार्गव, कार्यकारी अभियंता प्रदीप कल्याण व राहुल पूनिया उपस्थित रहे।
वार्डबंदी का लोगों को इंतजार
नगर निगम अब तक शहर की वार्डबंदी नहीं कर पाया है। ऐसे में लोगों की धड़कन तेज हो गई हैं। लोगों का मानना है कि वार्डबंदी फाइनल होने से पहले ही चुनाव की तैयारी की गई है। विदित है कि निगम ने गत दिनों वार्डबंदी का ड्राफ्ट बनाकर एडहॉक कमेटी के सामने रखा था। कमेटी ने इसको मानने से इनकार कर दिया था।