पानीपत। गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा और टेनिस खिलाड़ी हिमानी मोर की शादी को करीब एक महीने हो गए हैं। हिमानी के साथ मुलाकात और शादी की बातें नीरज ने साझा की है। उनका कहना है कि हिमानी मोर के साथ उनकी शुरुआती मुलाकात बतौर एक एथलीट हुई थी। दोनों में धीरे-धीरे नजदीकी बढ़ी और बात शादी तक पहुंची।
दोनों ने परिवार और नजदीकी रिश्तेदारों के साथ 17 जनवरी को हिमाचल प्रदेश के सोलन स्थित एक रिसॉर्ट में शादी की। नीरज ने शादी के तीन फोटो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लगाए थे। नीरज अब हिमानी मोर के साथ अमेरिका में हैं। वे वहां खेल की ट्रेनिंग ले रहे हैं। नीरज चोपड़ा ने हिमानी मोर के साथ सीक्रेट शादी को लेकर एक चैनल के साथ बातचीत करते हुए उक्त बात कही। उनके चाचा भीम चोपड़ा ने बताया कि नीरज को अपनी पसंद की लड़की के साथ शादी करनी थी। परिवार ने इसके लिए उन पर किसी प्रकार का दबाव नहीं बनाया। नीरज मई महीने में घर आएंगे। उस समय शादी का रिसेप्शन और अन्य रस्म पूरी की जाएंगी।