पोस्टर और भाषणों से दिया स्वच्छता का संदेश
मतलौडा। राजकीय महिला कॉलेज में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई ने स्वच्छता संवाद अभियान के तहत पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित कीं। छात्राओं ने स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया।
प्रतियोगिताओं में व्यक्तिगत स्वच्छता, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, कचरे के उचित निस्तारण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ भारत निर्माण में नागरिकों की भूमिका जैसे विषय शामिल रहे। छात्राओं ने स्वच्छता को प्रत्येक नागरिक का सामूहिक कर्तव्य बताया।
प्राचार्य डॉ. जरनैल सहरावत ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना विकसित करती हैं। उन्होंने छात्राओं से घर, कॉलेज और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। दोनों इकाइयों की स्वयंसेविकाओं ने स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।