माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ दिसंबर के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर है। स्पेशल प्रोटेक्शन गार्ड (एसपीजी) शुक्रवार को पानीपत पहुंच जाएगी। एसपीजी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम तक पानीपत में रहेगी।
एसपीजी डीजीपी, आईजी व एसपी से सुरक्षा की रिपोर्ट लेगी। इंटेलिजेंस ब्यूरो व सीआईडी को सक्रिय कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट पर है। समारोह में करीब 65 हजार लोगों के आने की संभावना। इसमें तीनों मंत्री और एलआईसी के अधिकारी भी शामिल रहेंगे। कार्यक्रम की सुरक्षा को लेकर वीरवार को आईजी कुलविंद्र सिंह ने एसपी, एएसपी व जिले के सभी डीएसपी के साथ बैठक की और सुरक्षा की पूरी रिपोर्ट ली।
कार्यक्रम में दो हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। यहां 10 एसपी व 33 डीएसपी की ड्यूटी लगाई गई है। सेक्टर 13/17 में 30 एकड़ में दो पार्किंग बनाई गई है। इसमें कारों व बसों के लिए अलग अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। कार सेक्टर 13-17 कट से होकर पार्किंग में प्रवेश करेंगी व बस जीटी रोड पर आनंद गार्डन के पास से पार्किंग में प्रवेश करेंगी। प्रवेश द्वार पर सभी की डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। पंडाल को अलग अलग सेक्टर में बांटकर अधिकारियों को सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।