पानीपत। असंध रोड स्थित शिव मंदिर में महाशिवरात्रि पर विशेष पूजन किया जाएगा। सुबह हवन, जलाभिषेक के बाद पूरा दिन भंडारे का आयोजन किया जाएगा। भंडारे में देशी घी से बनाया गया प्रसाद श्रद्धालुओं को दिया जाएगा। महाशिवरात्रि पर भगवान शिव का जलाभिषेक दूध, दही, घी और गन्ने के रस से किया जाएगा।
शिव मंदिर और सिद्ध श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर के मुख्य शास्त्री सुरेंद्र ने बताया कि मंदिर में हर साल शिवरात्रि पर विशेष पूजन का आयोजन किया जाता है। पूजन में शहर व आस-पास के गांवों के लोग भी शामिल होने के लिए आते हैं। इस बार महाशिवरात्रि पर सुबह हवन किया जाएगा। फिर भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। उसके बाद पूरा दिन देशी घी से बनाए गए प्रसाद का भंडारा चलेगा। मंदिर के प्रधान धर्मबीर शर्मा ने बताया कि 1986 में मंदिर का निर्माण किया गया था। इसमें थर्मल के कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा था। तभी से भगवान हनुमान यहां पर पूजे जाने लगे हैं। इसकी मान्यता दूर-दूर के क्षेत्रों तक फैली हुई है। मंगलवार व रविवार को मंदिर में कम से कम दो हजार श्रद्धालु मंदिर में पहुंचते हैं और बाबा का आशीर्वाद लेते हैं।
शास्त्री चेतन शर्मा ने बताया कि मंदिर में हर साल तीन बार विशेष कार्यक्रम और भंडारा का आयोजन किया जाता है। हनुमान जयंती पर मंदिर में विशेष पूजन किया जाता है। फाल्गुन मास की महाशिवरात्रि पर मंदिर में विशेष कार्यक्रम व भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस दिन शुद्ध देशी घी से बनाया गया प्रसाद श्रद्धालुओं को दिया जाता है। सावन मास की महाशिवरात्रि पर दस दिन तक मंदिर में कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इन दिनों श्रद्धालुओं के खाने के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की जाती है।