हरियाणा के जिले कैथल में जिला पुलिस ने प्रशासन ने गोतस्करी और गायों पर अत्याचार को रोकने के लिए 11 सदस्यीय विशेष पुलिस बल का गठन किया है। जो गोरक्षा दल के साथ मिलकर गायों का संरक्षण करेगा।
कार्रवाई के दौरान कोई परेशानी न हो इसके लिए टीम को तकनीकी सिस्टम से लैस किया जाएगा।
शहर में त्योहारी सीजन को देखते हुए सोमवार को स्पेशन वैपंस टेक्टिस टीम (स्वाट) और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) का गठन किया गया था।
यह टीम त्योहारी सीजन के बाद भी सक्रिय रहेंगी। अब गोरक्षा के लिए भी अलग से दल का गठन किया गया है। एसपी कुलदीप सिंह यादव ने बताया कि पुलिस ने इंस्पेक्टर अशोक कुमार के नेतृत्व में 11 सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया है।
यह टीम जिले भर में गायों की तस्करी को रोकने में विशेष कार्रवाई करेगी। इसके साथ-साथ कहीं भी गायों पर हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए टीम की ओर से उचित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह दल गोरक्षा दल संगठन के साथ मिलकर काम करेगा। दोनों संगठन सदस्यों आपसी सूचनाओं को साझा कर गोतस्करों पर लगाम कसेंगे। इस टीम को कार्रवाई के लिए अलग से गाड़ी और अलग से वॉकी-टॉकी सिस्टम मुहैया करवाया जाएगा।
जिले भर में यदि गो तस्करी एवं गौ पर अत्याचार की सूचना कोई व्यक्ति देना चाहता है तो पुलिस को तुरंत दे सकता है। पुलिस की यह टीम तत्परता से कार्रवाई करेगी।