पानीपत। देशबंधु गुप्ता कॉलेज में प्रधान चुनाव में प्रत्याशी को वोट न देने पर कुछ छात्रों ने मिलकर बीए के छात्र पर हमला कर दिया और उसे गोली मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल छात्र का कहना है कि आरोपी उस पर जबरदस्ती अपने पंसदीदा प्रत्याशी को वोट देने का दबाव बना रहे थे। उसने मना किया तो उसकी दुकान पर आकर आरोपियों ने हमला किया। सेक्टर 13-17 थाने की पुलिस ने केस दर्ज किया है।
निजामपुर गांव निवासी राहुल चहल ने बताया कि वह सेक्टर 18 स्थित देशबंधु गुप्ता कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। उनके कॉलेज में प्रधान पद का चुनाव चल रहा है। उसके ही कॉलेज में पढ़ने वाला कोहंड निवासी राहुल पंडित ने कहा कि वह कुलदीप राठी को वोट दे। उसने मना किया तो राहुल ने उसे देख लेने की धमकी दी। 15 सितंबर को वह निजामपुर रोड पर किराना दुकान पर बैठा था। शाम आठ बजे राहुल पंडित अपने साथी तरुण, अक्कू, बोनी, छोटू, व 10 अन्य युवकों के साथ लाठी डंडे लेकर आया और उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों के पास कट्टा भी था। झगड़े का शोर सुनकर उसके पिता रविंद्र और चाचा दिनेश मौके पर पहुंचे और उन्होंने बचावबचाव का शोर मचाया तो आरोपी गोली मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। संवाद