माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। थाना मॉडल टाउन क्षेत्र के जाटल रोड पर सृजन पब्लिक स्कूल में दूसरी कक्षा के छात्र को उल्टा लटकाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने तफ्तीश तेज कर दी है। पुलिस ने वीरवार को बच्चों के अभिभावकों के बयान दर्ज किए हैं। ज्यादातर अभिभावकों ने प्रिंसिपल के खिलाफ बयान दिए। लेकिन कुछ अभिभावक प्रिंसिपल के पक्ष में भी बयान दे रहे हैं। सभी के बयान दर्ज कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
सृजन पब्लिक स्कूल में प्रिंसिपल रीना के कहने पर वैन चालक अजय ने बच्चे को कमरे में उल्टा लटकाया था। इसके बाद वीडियो बनाकर साझा किया था। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया था। रविवार को अजय और सोमवार सुबह प्रिंसिपल रीना को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी। वीरवार को जिन बच्चों की पिटाई हुई थी उनके और उनके अभिभावकों के साथ स्कूल में पढ़ाई करने वाले अन्य बच्चों के परिजनों के भी पुलिस ने बयान दर्ज कराए। हालांकि, पक्ष में बयान दर्ज करने वालों ने बच्चे को उल्टा लटकाने का विरोध किया है। उनका कहना है कि पढ़ाई कराने के लिए कुछ सख्ती जरूरी है। लेकिन बच्चे को उल्टा लटकाना न्याय संगत नहीं है।
यह था मामला
जाटल रोड पर सृजन पब्लिक स्कूल में प्रिंसिपल के कहने पर वैन चालक ने कक्षा दो के छात्र को उल्टा लटकाकर वीडियो बनाया था। इसके बाद वीडियो को इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया था। करीब 45 दिन बाद वायरल वीडियो उस बच्चे की मां के पास तक पहुंच गया। इसके बाद उन्होेंने स्कूल में पहुंचकर इसकी शिकायत दी। कार्रवाई न होने पर थाना मॉडल टाउन में पहुंचकर वैन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। जांच में पता चला था कि बच्चे को प्रिंसिपल के कहने पर उल्टा लटकाया था।
बच्चे को उल्टा लटकाकर पिटाई करने के मामले की तफ्तीश चल रही है। थाने पर बुलाकर बच्चों के अभिभावकों के बयान दर्ज किए गए। कुछ ने खिलाफ और कुछ ने प्रिंसिपल के पक्ष में बयान दिए हैं।
-जगमिंद्र सिंह, प्रभारी थाना मॉडल टाउन