माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। मुजफ्फरनगर में सड़क हादसे के बाद अंसल सुशांत सिटी में कंबल कारोबारी के घर मातम पसरा है। रिश्तेदार और करीबी बच्चों को ढांढस बंधा रहे हैं। उधर, घायल हार्दिक का पानीपत के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। जहां पर उनकी हालत में सुधार है। हार्दिक की देखभाल में तैनात स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया वह बदहवास होकर परिवार के बारे में पूछ रहे हैं। परिजन उससे बात कर संभालने का प्रयास कर रह रहे हैं।
बुधवार को मुजफ्फरनगर में पानीपत-हरिद्वार हाईवे पर हुए सड़क हादसे में पानीपत के कारोबारी राकेश कामरा, उनकी पत्नी विनी, साली अंजू और साले की पत्नी व बेटे समेत छह की मौत हो गई थी। राकेश कामरा अपने साले महेंद्र जुनेजा की अस्थियां लेकर हरिद्वार जा रहे थे। हादसे में छह सदस्यों की मौत से एक साथ तीन परिवारों को पर दुखों का पहाड़ टूट गया। बुधवार को ही उनके शवों का अंतिम संस्कार किया गया। कारोबारी राजेंद्र कामरा के परिवार में उनका बेटा, पुत्रवधू और एक बेटी हैं। उन्हें गहरा सदमा पहुंचा हैं। रिश्तेदार उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं। वीरवार को सुबह से ही उनके आवास पर रिश्तेदारों और करीबियों व पड़ोसियों का आना जाना लगा था। सभी परिवार को संभालने में जुटे रहे। यही हाल अंजू के घर पर भी नजर आया। वहां भी रिश्तेदारों का आना जाना लगा रहा।
आईसीयू में किया है भर्ती
हादसे में घायल हार्दिक का शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। जहां पर उनकी हालत में कुछ सुधार है। हार्दिक की देखभाल कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। थोड़ा होश आने के बाद वह बार-बार परिवार के बारे में पूछ रहे हैं लेकिन परिजन कोई जवाब नहीं दे पा रहे।