फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दोस्त के साथ शादी में गए 12वीं के छात्र को गोली से उड़ाया

विज्ञापन
चिराग। फाइल फोटो। - फोटो : Panipat
विज्ञापन
पानीपत। गोहाना रोड पर शुगर मिल के सामने एक ऑफिस में पार्टी में कहासुनी के चलते 12वीं के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात वीरवार रात करीब 11:30 बजे हुई। घटना की सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पिता ने गोली मारने वाले आरोपी के साथ ही बेटे के एक अन्य दोस्त पर भी हत्या में शामिल होने का शक जताते हुए शिकायत दी है। मामले में केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
विज्ञापन

आजाद नगर निवासी नवीन कुमार ने बताया कि उनका इकलौता बेटा 17 वर्षीय चिराग उर्फ गौरव शर्मा 12वीं कक्षा का छात्र था। वीरवार रात बेटे को दोस्त सुमित घर से बुलाकर आजाद नगर में प्रदीप कुंडू की शादी में ले गया। शादी में प्रदीप का दोस्त बुढ़ाखेड़ा निवासी जीत्ता, आजाद नगर निवासी सोमबीर पुत्र जयपाल, सुरेंद्र पुत्र चंद्रभान आए थे। सभी गोहाना रोड पर शुगर मिल के सामने नीरज पाठक के ऑफिस में बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान सुमित रात 10:30 बजे चिराग को लेकर नीरज पाठक के ऑफिस पहुंचा। वहां पर जीत्ता, सोमबीर, सुरेंद्र, अंकित, प्रवीन और दीपक बैठे हुए थे। रात 10:50 बजे बेटे ने घर पर कॉल की और कहा कि पापा मैं जल्द ही घर आ जाऊंगा। इसके बाद किसी बात पर बेटे की जीत्ते से कहासुनी हो गई। इस पर उसने पिस्तौल से गोली मारकर बेटे की हत्या कर दी। रात करीब 12 बजे पुलिस ने कॉल कर छात्र के परिजनों को वारदात की सूचना दी।
घर से बुलाकर ले जाने वाले दोस्त पर भी शक
मृतक के पिता नवीन ने बताया कि बेटे चिराग को उसका दोस्त सुमित घर से बुलाकर ले गया था। शक है कि आरोपी जीत्ता के साथ बेटे की हत्या में सुमित का भी हाथ है। हत्या के बाद आरोपी जीत्ता और सुमित मौके से फरार हो गए। डॉक्टरों ने बताया कि चिराग के बाएं हाथ से गोली आर पार होने के बाद सीने में घुस गई। इससे उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन

मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल की टीम
वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर मॉडल टाउन थाना पुलिस पहुंची और कार्रवाई शुरू की। शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया। एफएसएल टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया और कई साक्ष्य जुटाए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है, पिता के बयान पर आरोपी जीत्ता और सुमित के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है, मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - इंस्पेक्टर अंकित कुमार, मॉडल टाउन थाना प्रभारी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें