पानीपत। इंसार बाजार स्थित एक जूते और कपड़े के गोदाम का शटर उखाड़कर चार महिला और एक किशोर करीब 80 हजार रुपये का माल चोरी कर फरार हो गए। मालिक ने सुबह होने पर माल की तलाशी ली तो कम मिला। सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो चोरी का खुलासा हुआ। इसके बाद मालिक ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
राज नगर निवासी निवासी इरफान सैफी ने बताया कि इंसार बाजार स्थित पिंक पैलेस में उनकी फ्रेंड्स नाम से कपड़ों और जूतों की दुकान है वहीं सामने ही गोदाम है। दुकान में काम चलने के कारण उन्होंने अपना कुछ सामान गोदाम में रख दिया था। अब दुकान का काम खत्म होने पर गोदाम चेक किया तो माल गायब मिला। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर चार महिलाएं और एक किशोर गोदाम की तरफ आते दिखे।
उन्होंने एक बल्ली से पहले गोदाम का शटर उखाड़ा और बोरों में कपड़े और जूते भरकर जाते नजर दिए। पीड़ित ने बताया कि वारदात से 10 मिनट पहले तक मार्केट में गार्ड तैनात था, लेकिन सुबह पांच बजे छुट्टी होने की वजह वह चला गया था। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने बताया कि वह बीमार था, इस वजह पुलिस में शिकायत नहीं दे पाया। उसने बुधवार को थाने में जाकर शिकायत दी।
इरफान की शिकायत पर अज्ञात चार महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -इंस्पेक्टर सुनील कुमार, शहर थाना प्रभारी
सीसीटीवी बंद कर दो लाख का माल पार
संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। गांव बलाना-नौल्था रोड पर गांव बलाना के पास एक फैक्टरी के सामने बुधवार की रात चोरों ने एक रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान की छत उखाड़कर करीब दो लाख रुपये कीमत के सामान पर हाथ साफ कर दिया। दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में बलाना निवासी जयबीर ने बताया कि शिव ओवरसीज फैक्टरी के सामने उसकी वंश रेडीमेड गारमेंट्स, बूट हाउस व मोबाइल एसेसरीज की दुकान है। बुधवार की रात करीब नौ बजे वह दुकान बंद कर घर चला गया था। वीरवार सुबह दुकान की छत उखाड़ी मिली। दुकान से रेडीमेड कपड़े, जूते, नए मोबाइल फोन के अलावा फोन की एसेसरीज गायब मिली। उन्होंने बताया कि चोरों ने दुकान में घुसते ही पहले सीसीटीवी कैमरे को बंद कर दिया। इसके बाद वारदात अंजाम दी। पीड़ित दुकानदार जयबीर के अनुसार करीब दो लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है।