पानीपत। यौन शोषण का शिकार हुई 16 वर्षीय किशोरी ने गर्भपात कराने से इंकार कर दिया है। किशोरी ने जिला बाल कल्याण समिति को लिखित में बयान देकर गर्भपात करने से मना किया है। किशोरी का कहना है कि वह अपने बच्चे को खुद पाल लेगी। लेकिन गर्भपात नहीं कराएगी। समिति ने किशोरी और उसकी मां के बयान दर्ज कर किशोरी को उनके साथ भेज दिया है।
मूल रूप से रायबरेली की रहने वाली महिला वर्तमान में पानीपत की एक कॉलोनी में रहती है। उसने करीब 16 साल पहले अपने पति को छोड़कर दूसरे व्यक्ति से शादी कर ली थी। पहले पति से उसकी दो बेटियां है। जिनमें एक की उम्र करीब 16 साल है। उसके पहले पति के भाई का बेटा उसकी बेटी को बहलाकर रायबरेली ले गया था। जहां पर उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। जिससे वह गर्भवती हो गई थी।
करीब 20 दिन पहले पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बाल कल्याण समिति ने किशोरी का मेडिकल कराया था। जिसमें वह तीन माह की गर्भवती मिली थी। समिति ने किशोरी की काउंसिलिंग की और गर्भपात कराने को कहा। लेकिन किशोरी ने गर्भपात कराने से इंकार कर दिया। इसके बाद समिति ने उसे कुछ दिन का समय देकर मां के साथ भेज दिया था। बुधवार को किशोरी ने समिति के सामने पेश होकर गर्भपात कराने से फिर से इंकार कर दिया।
समिति ने किशोरी के बयान दर्ज कर उसके उसकी मां के सुपुर्द कर दिया है। बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष पदमा रानी ने बताया कि किशोरी की बार-बार काउंसिलिंग की गई। लेकिन, वह गर्भपात कराने की इच्छुक नहीं है। उसके बयान दर्ज कर लिए गए हैं।