समाधान शिविर में समस्या रखते लोग। संवाद
पानीपत। गंगा एन्क्लेव और सेक्टर-11 में सीवर की समस्याएं जिला स्तरीय जनता समाधान शिविर में पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने बार-बार शिकायत के बाद भी समाधान न करने का आरोप लगाया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इनके समाधान के निर्देश दिए। इसके साथ शिविर में 115 लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं।
गंगा एन्क्लेव एसोसिएशन के सदस्यों ने प्रशासन से सीवर व पानी की लाइन बिछवाने की मांग की। उन्होंने प्रशासन के समक्ष पूरी स्थिति स्पष्ट की। उपायुक्त ने संबंधित विभाग को जांच के निर्देश दिए। एसोसिएशन ने क्लब बनवाने के लिए भी प्रशासन से अनुरोध किया। अमित बठला ने सेक्टर-12 में सीवर सफाई से संबंधित समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वीआईपी ठेकेदारों में से सेक्टर-12 में सीवर की समस्या गंभीर है। यहां कई बार कॉलोनी से भी बुरी स्थिति बन जाती है।
वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधि मंडल ने वाल्मीकि आश्रम छिछड़ाना में हाॅल बनवाने की मांग की। उपायुक्त ने बीडीपीओ को संबंधित मामले पर विचार करने के निर्देश दिए। सींक गांव के नरेश ने पंचायती जमीन से कब्जा हटवाने की मांग की। राजपाल ने पलहेड़ी गांव की फिरनी से कब्जा हटवा रास्ता खाली करवाने की मांग की। राक्सेड़ा गांव के जयभगवान ने कब्जे हटवाने की मांग की। बिहौली गांव की सरोज देवी, पसीना कलां की प्रेमो देवी और सत्यनारायण ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान बनवाने की मांग की। कमलेश ने बिजली का नया कनेक्शन जारी कराने की मांग की। गुरदयाल ने कहा कि उनके घर की बिजली छह महीने से बंद है। उन्होंने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए प्रशासन से बिजली बिल माफी योजना का लाभ देने की मांग की। माया व आश्मा ने विधवा पेंशन बनवाने की मांग की। कलंदर चौक के इंद्रजीत ने राशन कार्ड व आयुष्मान कार्ड बनवाने की मांग की।