पानीपत में पलटी छात्रों से भरी वैन
- फोटो : अमर उजाला
पानीपत के गांव सनौली खुर्द में सुबह सात बजे एक स्कूल वैन दुर्घटना का शिकार हो गई। यह वैन गांव छाजपूर कला स्थित आरोही मॉडल सरकारी स्कूल जा रही थी। नेशनल हाईवे पर गांव कुराड फार्म के पास वैन का टायर फटने से वह सड़क किनारे खड़े खंभे से टकरा गई और पलट गई।
घायलों की पहचान
वैन में चालक सुनील सहित नौ बच्चे सवार थे, जिनमें वंश, दीपांशु, तनिश, रितिक, कशिश, नैतिक, हर्ष, और गुंजन शामिल थे। सभी बच्चे गांव सनौली खुर्द के निवासी हैं। दुर्घटना में चालक और सभी बच्चे घायल हो गए। वैन के अंदर फंसे चालक और बच्चों को पानीपत की ओर से आ रही रोडवेज बसों के यात्रियों ने निकाला और उन्हें तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही बच्चों के अभिभावक मौके पर पहुंचे। सनौली थाना पुलिस को राहगीरों ने घटना की जानकारी दी, लेकिन पुलिस को सूचना देरी से मिलने के कारण मौके पर पहुंचने में विलंब हुआ। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वैन चालक के परिजनों ने जेसीबी मशीन की मदद से वैन को सड़क किनारे से हटाकर ले गए। सनौली थाना पुलिस का कहना है कि उन्हें वैन पलटने की सूचना मिली थी, लेकिन मौके पर पहुंचने पर वहां कोई नहीं मिला। पुलिस ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है।