समालखा। वुलिस ने राक्सेड़ा गांव में मिठाई की दुकान व घर में घुसकर जानलेवा हमला व तोड़फोड़ करने के मुख्य आरोपी रोहित सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एक साल पहले हुई मामूली कहासुनी की रंजिश रखते हुए 25 जुलाई को दुकान में घुसकर डंडों व गंडासी से हमला किया था। आरोपियों की पहचान राक्सेडा निवासी रोहित, चुलकाना निवासी गौरव व अनुज, समालखा कृष्णा कॉलोनी निवासी शक्ति व समीर, शास्त्री कॉलोनी निवासी अनिल व मनाना निवासी राहुल के रूप में हुई है। उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सतीश वत्स ने बताया कि राक्सेडा गांव निवासी भीम सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि उसके दो बेटे है।
उनकी गांव में मिठाई की दुकान है। 25 जुलाई को शाम करीब आठ बजे उसका पोता शुभम व एक अन्य लड़का दुकान पर बैठे थे। तभी रोहित व अशोक अपने 20-30 अन्य साथियों के साथ लाठी, डंडे व गंडासी लेकर पहुंचे। दुकान में घुसकर शुभम को पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने दुकान के शीशे व अन्य सामान भी तोड़ दिया। दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी व बाइक को भी तोड़ दिया। इसके बाद आरोपियों ने घर में घुसकर उसके व पत्नी कृष्णा व बेटे मोनू के साथ मारपीट की।
गांव के लोगों को आता देख आरोपी हथियारों को लहराते हुए बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। उसके भतीजे राजेश व गांव के अन्य कई लोगों को चोट लगी। भतीजे राजेश की टांग टूट गई। राजेश व गांव निवासी देव उर्फ गोली को इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया है। थाना समालखा में भीम सिंह की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करने के साथ ही उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो गंडासी व दो डंडे बरामद किए। पुलिस शुक्रवार को रिमांड अवधी पूरी होने पर आरोपियों को न्यायालय में पेश करेगी। संवाद