राजकीय स्कूल सिवाह में प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेते शिक्षक
राष्ट्रीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिवाह में अर्द्ध दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना (मिड डे मील) को प्रभावी बनाने के लिए मौलिक शिक्षा विभाग पंचकूला व संयुक्त राष्ट्र विश्व कार्यक्रम के संयुक्त तत्वाधान में राष्ट्रीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिवाह में अर्द्ध दिवसीय प्रशिक्षण शिविर दो सत्र में किया। इसमें पानीपत खंड के प्रधानाचार्य, खंड के एमडीएम एई कविता एवं सभी सरकारी विद्यालयों के मिड-डे मील इंचार्ज ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. जेके नांदल ने शिक्षकों को प्राकृतिक एवं जैविक विधि से विद्यालयों में पोषण वाटिका बनाने पर जोर दिया एवं इसकी बारीकियों, देखरेख एवं संरक्षित रखने के बारे में बताया। उन्होंने विभिन्न ऋतुओं के अनुसार सब्जियां और फल किस प्रकार से उगाई जाएं, इसकी तकनीकी जानकारी दी तथा महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए।
हरियाणा राज्य प्रोजेक्ट लीड आदर्श त्रिपाठी ने मिड डे मील कार्यक्रम की मुख्य विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और महत्वपूर्ण विचार सभी प्रतिभागियों के समक्ष रखे। उन्होंने विश्व खाद्य कार्यक्रम की भूमिका के बारे में समझाते हुए विद्यालयों में एमडीएम के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ बच्चों को उपलब्ध कराने पर जोर दिया। प्रधानाचार्य सुरेंद्र कादियान ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम की इस पहल की जितनी प्रसंशा की जाए, कम है। यह पहली बार है कि शिक्षकों को पोषण वाटिका विकसित किए जाने पर इतना गहन प्रशिक्षण आयोजित किया गया इस अवसर पर स्पीड समिति के जिला समन्वयक नकुल कुमार तथा मुरलीधर, बुशरा खान उपस्थित रहे।