पानीपत। हरियाणा स्टेट हुडा सेक्टर्स कन्फेडरेशन सेक्टरों में समस्याओं के समाधान को लेकर सोमवार को एचएसवीपी हरियाणा (शहरी विकास प्राधिकरण) कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन करेंगे। संगठन ने तीन दिन तक धरना देने की चेतावनी दी है।
कन्फेडरेशन के जिला संयोजक बलजीत सिंह ने कहा कि सेक्टरवासी कई साल से मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। एस्टेट कार्यालय के अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दे चुके हैं। सभी सेक्टरों के आरडब्ल्यूए ने मूलभूत आवश्यकताओं को लेकर 16 जनवरी को अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में 15 दिन में समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया था लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। सेक्टरवासियों ने 17 फरवरी को सभी संपदा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने समस्याओं का समाधान न होने पर तीन मार्च को एस्टेट कार्यालय सेक्टर-18 में धरना प्रदर्शन और घेराव करने की चेतावनी दी थी। संपाद अधिकारी और अन्य अधिकारियों ने उनके साथ वादा खिलाफी की है। जिससे सभी सेक्टरों की आरडब्ल्यूए में रोष व्याप्त है। सेक्टर- सात के प्रधान मास्टर रणधीर सिंह व उपप्रधान रामपत नैन ने बताया कि दो साल से सेक्टरों में सड़कों और पार्कों की सफाई का काम बंद है। सीवर व्यवस्था भी न के बराबर है। सेक्टरों की सड़कें टूटी पड़ी हैं। इनकी मरम्मत तक नहीं कराई जाती। ग्रीन बेल्ट पर कब्जे कर लिए हैं। सेक्टरों में सीवर का पानी ग्रीन बेल्ट में डाला जा रहा है। इसकी निकासी का कोई प्लान नहीं बनाया है। वे इसके विरोध में धरना प्रदर्शन और घेराव की पहले भी चेतावनी दे चुके हैं। बावजूद इसके अधिकारी किसी प्रकार की समस्या के समाधान को तैयार नहीं हैं।