पानीपत। नियम 134ए के तहत प्रदेश सहित जिले में दूसरे चरण की दाखिला प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बहुत लंबे इंतजार के बाद दूसरी सूची का शेड्यूल जारी किया जा चुका है। इसके अनुसार 29 जनवरी शनिवार से दाखिला प्रक्रिया का पहला चरण शुरू हो चुका है। दूसरी सूची के विद्यार्थी व उनके अभिभावक 29 जनवरी से दो फरवरी तक स्कूल चयन के लिए आवेदन कर सकते हैं। स्कूल का चयन 134ए पोर्टल पर अथवा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में किया जा सकता है। वहीं,
शनिवार को जब कुछ अभिभावक स्कूल चयन को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी के पास पहुंचे तो बीईओ ने अभिभावकों को कहा कि उन्होंने आवेदन के समय जिन स्कूलों का चयन किया था, उन्हीं में से स्कूल अलॉट होगा। वहीं, शिक्षा विभाग के पोर्टल से अभिभावकों के पास स्कूल चयन को लेकर संदेश भेजे जा रहे हैं। बीईओ के कथन और शिक्षा विभाग के संदेशों के बाद अभिभावकों में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई कि वे स्कूल का चयन कैसे करें।
इस बारे में शिक्षा विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा विभाग के संदेश उन अभिभावकों के लिए हैं जिनका बच्चा पहले ड्रा में पास तो हो गया था लेकिन उन्हें कोई स्कूल अलॉट नहीं हुआ था। वे अभिभावक 29 जनवरी से 2 फरवरी तक 134ए पोर्टल पर अपने स्कूल को अपडेट कर सकते हैं जिस स्कूल में एडमिशन कराना है। अभिभावक खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से भी संपर्क कर स्कूल चयन कर सकते हैं।
दूसरे चरण के दाखिले का ये रहेगा शेड्यूल
स्कूल चयन हेतु दाखिले की तिथि- 29 जनवरी से 2 फरवरी
दूसरे चरण के तहत ड्रा की तिथि- 7 फरवरी
दूसरे चरण के दाखिले- 9 फरवरी से 18 फरवरी
पोर्टल पर अपडेट करने करना होगा डाटा
मौलिक शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने स्तर पर संबंधित विद्यालय में होने वाले छात्रों के दाखिले 134ए पोर्टल पर तुरंत अपलोड करवाने होंगे। वहीं, विद्यालय जिन बच्चों के दाखिले निरस्त कर रहे हैं, ये किस कारण से किए जा रहे हैं, इस बारे में पोर्टल पर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभिभावक दो फरवरी तक स्कूल चयन के लिए आवेदन कर सकते हैं। 7 फरवरी को दूसरे चरण के तहत ड्रा निकाला जाएगा। वहीं 9 से 18 फरवरी तक चयनित स्कूल में दाखिले किए जा सकेंगे। अभिभावकों को दाखिले को लेकर कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी और सभी पात्र बच्चों का दाखिला सुनिश्चित कराया जाएगा।
- बृजमोहन गोयल, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी।