पानीपत। स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए वीरवार को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की गई। इसके साथ कॉलेजों में छात्रों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं, सूची में नाम आने पर मेधावी विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। अब विद्यार्थी दूसरे चरण में चार से सात जुलाई तक फीस जमा करवा दाखिला सुनिश्चित कर पाएंगे। इसी के साथ उनका कॉलेज में दाखिले का सपना पूरा होगा। हालांकि सूची में नाम न आने पर कुछ विद्यार्थियों को निराशा हाथ लगी। अब उन्हें ओपन काउंसलिंग का इंतजार करना पड़ेगा।
जारी सूची के अनुसार आर्य महाविद्यालय में बीए की 83.4, बीकॉम की 87.4 तथा बीएससी फिजिकल साइंस की उच्चतम मेधा सूची 86.4 तक पहुंची। इससे पहले बुधवार को दूसरी प्रोविजनल मेरिट लिस्ट जारी की गई थी जिसके बाद सूची की जांच का काम शुरू हुआ। दूसरी मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद विद्यार्थियों में कॉलेजों में दाखिला लेने के लिए उत्साह बना हुआ है। इससे पहले 26 जून से एक जुलाई तक चली पहले चरण में दाखिला प्रक्रिया में जिले में करीब 5800 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है।
14 कॉलेजों में 11260 सीटों पर होगा दाखिला : जिले के 14 कॉलेजों में 11260 सीटों पर दाखिला होना है जबकि 17 हजार से अधिक आवेदन हुए हैंं। इनमें शहर के तीन प्रमुख कॉलेजों में ही 10 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, जिले में इस बार 15500 से अधिक विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की परीक्षा पास की है। अधिकतर विद्यार्थियों ने एक से अधिक कॉलेजों में आवेदन किया है। कुछ विद्यार्थियों ने आईटीआई समेत दूसरे संस्थानों में आवेदन किए हैं।