समालखा। गांव बुड़शाम के नरेंद्र ने समालखा थाना पुलिस पर जमीनी विवाद में एक तरफा कार्रवाई करने व थाना में लाकर थर्ड टार्चर करने का आरोप लगाया है। नरेंद्र ने उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। बुड़शाम निवासी नरेंद्र ने बताया कि उसके सगे भाई जगबीर से उसका काफी लंबे समय से जमीन संबंधित विवाद समालखा कोर्ट और पानीपत कोर्ट में चल रहा है। गत 30 जून को सुबह करीब नौ बजे वह अपनी पत्नी और मजदूरों के साथ खेत में धान की बिजाई कर रहा था। उसी समय एक ट्रैक्टर व सात-आठ गाड़ियों में करीब 40-50 लोग वहां आए। उनके साथ पुलिस की गाड़ी में पुलिसकर्मी भी थे। उनमें गांव सिवाह गांव के गुरुदेव व राजेश भी थे। वे पुलिस की मौजूदगी में जबरदस्ती उसके खेत में ट्रैक्टर चलाने लगे। जब उसने विरोध किया तो उन्होंने उसके साथ झगड़ा किया। झगड़ा बढ़ता देख उसने डायल 112 पुलिस को बुलाया। कुछ देर बाद वहां डायल 112 की गाड़ी आ गई। उसके कुछ देर बाद एसएचओ समालखा की गाड़ी भी वहां पर आई। जिसमें सिपाही अमित, महिला पुलिस बिमला व तीन-चार अन्य पुलिस कर्मचारी आए। उसने आरोप लगाया कि गुरदेव व राजेश के कहने पर हवलदार अमित उसे जबरन गाड़ी में डालकर समालखा थाने ले आए। यहां पुलिस कर्मचारियों ने उसे एक कमरे में ले जाकर उसकी पिटाई की। संवाद