पानीपत। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में तीसरे चरण की काउंसलिंग व दाखिला प्रक्रिया संपन्न होने के बाद चौथे चरण में अब चार अगस्त को मेरिट के आधार पर सीटें आवंटित की जाएंगी। वहीं, चौथे चरण में ट्रेडों के विकल्पों, वरियता में संशोधन प्रक्रिया का वीरवार को अंतिम दिन रहा। इससे पहले 30 जुलाई को रिक्त सीटों की सूची चस्पा की गई थी। मेरिट सूची जारी होने के बाद नौ अगस्त तक दस्तावेजों के सत्यापन के साथ फीस जमा की जाएगी।
आईटीआई में दाखिले के लिए रिकार्ड आवेदन के बाद भी प्रदेश में करीब 72 फीसदी सीटें रिक्त हैं। पहले तीन चरणों में मात्र 27.64 फीसदी सीटों पर ही दाखिले हुए हैं। जीटी रोड स्थित राजकीय आईटीआई पानीपत में भी अब तक महज 44 फीसदी सीटों पर दाखिला हुआ है। युवा आईटीआई की कई ट्रेडों में दाखिले को लेकर रूचि नहीं दिखा रहे। हालांकि इलेक्ट्रीशियन, कोपा, फिटर, मशीनिस्ट जैसी ट्रेडों में 50 से 70 फीसदी सीटों पर दाखिले हुए हैं लेकिन कई ट्रेड ऐसी हैं जिनमें 20 प्रतिशत से भी कम सीटों पर दाखिले हुए हैं।
पहली तीन वरीयता सूची के अनुसार प्रदेश की 372 आईटीआई में 24323 अभ्यर्थी दाखिला ले चुके है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में 22433 अभ्यर्थियों जबकि निजी आईटीआई संस्थानों में 1890 अभ्यर्थियों ने दाखिला लिया है। प्रदेश की सभी आईटीआई में करीब 88 हजार सीटों के मुकाबले मात्र 28 प्रतिशत दाखिले हुए हैं। वहीं, जीटी रोड स्थित राजकीय आईटीआई में 928 सीटों में से 407 अभ्यर्थी दाखिला ले चुके हैं जो कुल सीटों का करीब 44 फीसदी है। राजकीय आईटीआई में अभी 521 सीटें रिक्त हैं।
तीसरे चरण में हुए मात्र 99 दाखिले
आईटीआई में दाखिला लेने को लेकर विद्यार्थियों में कम उत्साह देखने को मिल रहा है। तीसरे चरण में प्रदेश में मात्र 5795 जबकि राजकीय आईटीआई पानीपत में मात्र 99 अभ्यर्थियों ने दाखिला लिया है। तीन चरणों में मात्र 28 प्रतिशत सीटों पर दाखिले होने से कौशल विकास एवं प्रशिक्षण विभाग भी चिंतित है। अब चौथे चरण में दाखिले बढ़ने की उम्मीद है।
वर्जन-
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में तीन चरणों में 407 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। कुछ ट्रेड ऐसी हैं जिनमें बहुत कम दाखिले हुए हैं। चौथी मेरिट सूची व सीट अलॉटमेंट 04 अगस्त को जारी होगी। विद्यार्थी 09 अगस्त तक फीस जमा करवा दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगे। चौथे चरण में दाखिले को लेकर काफी रुझान देखने को मिलेगा।
- डॉ. कृष्ण कुमार, प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई, पानीपत।