माई सिटी रिपोर्टर,
पानीपत। मौसम में आ रहे लगातार उतार-चढ़ाव और उमस के कारण शहर में मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। खांसी, तेज बुखार और बदन दर्द के मरीज बड़ी संख्या में अस्पताल आ रहे हैं।
सोमवार सुबह जिला नागरिक अस्पताल आठ बजे ओपीडी शुरू हुई। अस्पताल परिसर में लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। सोमवार को सामान्य दिनों के मुकाबले ओपीडी का आंकड़ा करीब 1750 पार पहुंच गया।
अस्पताल पहुंचे मरीजों को पंजीकरण काउंटर से लेकर चिकित्सक कक्ष और फिर दवा काउंटर के बाहर दो से तीन घंटे तक कतारों में खड़ा रहना पड़ा। उमस भरी गर्मी में काउंटर पर पर्ची बनवाने के बाद जब मरीज डॉक्टर के पास पहुंचे, तो वहां भी पैर रखने की जगह नहीं थी। इसके बाद सबसे ज्यादा परेशानी दवा लेने में हुई। भीड़ अधिक होने के कारण फार्मेसी के बाहर भारी अव्यवस्था देखने को मिली। करीब 150 मरीजों को डॉक्टर द्वारा लिखी पूरी दवा नहीं मिल पाईं। उन्हें बाहर के मेडिकल स्टोर का रुख करना पड़ा।
मरीजों की जुबानी: मौसम बदलते ही बढ़ी दिक्कत
कृष्णपुरा की आरती ने बताया कि उन्हें पिछले तीन दिनों से तेज बुखार है। अस्पताल में इतनी ज्यादा भीड़ है कि पर्ची कटवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने और दवा लेने में उनके तीन घंटे से अधिक का समय कतार में ही बीत गया।
काबड़ी रोड के राकेश ने बताया कि मौसम में आए बदलाव के बाद से उन्हें लगातार सूखी खांसी आ रही है। खांसी के गंभीर वेग के कारण अब उनकी छाती में भी तेज दर्द होने लगा है, जिसके इलाज के लिए वे सुबह ही अस्पताल पहुंच गए थे।
वर्जन
मौसम में बदलाव के कारण ओपीडी में अचानक मरीजों की संख्या बढ़ी है। अस्पताल प्रशासन सभी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने का प्रयास कर रहा है। दवा की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। आमजन से अपील है कि इस मौसम में खान-पान का विशेष ध्यान रखें। ताजा भोजन करें और पानी उबालकर पिएं। बुखार या खांसी होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
डॉ. विजय मलिक, सीएमओ।
जिला नागरिक अस्पताल में चिकित्सक के बाहर दवा लेने के लिए खड़े मरीज। संवाद