पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल व निजी अस्पताल में मौसमी बीमारियां खांसी-जुकाम, निमोनिया, वायरल बुखार व डिहाइड्रेशन के मरीजों की ओपीडी बढ़ने लगी है। जिला नागरिक अस्पताल में शनिवार व रविवार दो दिन का अवकाश होने से सोमवार को ओपीडी दो हजार से ज्यादा रही।
चर्म रोग के मरीजों को बिना इलाज व कुछ मरीजों को बिना दवा के लौटना पड़ा। जिला नागरिक अस्पताल में ओपीडी का समय सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक का है। सोमवार को सुबह साढ़े सात बजे ही लोग अस्पताल में पहुंचने लगे थे। ओपीडी में पर्ची कटवाने के लिए लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ा। वहीं भीड़ होने के कारण बैठने के लिए पर्याप्त बेंच न होने से लोगों को फर्श पर बैठना पड़ा और अपने नंबर का इंतजार करना पड़ा। चिकित्सक लोगों को सलाह दे रहे हैं कि दोपहर 12 से चार बजे तक घरों से बाहर कम ही निकले ताकि मौसमी बीमारियों से बचा जा सके।
चिकित्सकों ने सलाह दी कि ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं ताकि डिहाइड्रेशन न हो। बिंझौल निवासी सरोज ने बताया कि वह सुबह आठ बजे ही लाइन में लगी थी दो घंटे इंतजार करने के बाद ओपीडी की पर्ची कटवाई। दोपहर लगभग 12 बजे चिकित्सक से इलाज करवा दवा ली। एसएमओ डॉ. विजय मलिक ने बताया कि अस्पताल में सभी को इलाज व दवा दी जा रही है। बैठने के लिए अस्पताल में बेंच की व्यवस्था है। सोमवार को अपेक्षाकृत मरीज ज्यादा रहते हैं। चर्म रोग विशेषज्ञ के लिए मांग की गई है जल्द ही विशेषज्ञ आ सकता है।