एसडीएम गौरव कुमार ने सोमवार को पीडब्लयूडी कार्यालय में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रिकॉर्ड नहीं मिलने पर उन्होंने कर्मचारियों को फटकार भी लगाई और बोले अगर आपके पास रिकॉर्ड नहीं है तो कार्यालय क्यों खोला हुआ है। इसके उपरांत एसडीएम ने नगरपालिका का भी निरीक्षण किया और वहां भी हाउस टैक्स रिकॉर्ड नहीं मिलने पर कर्मचारियों को कहा कि कोरे रजिस्टरों में क्या ढूंढोगे।
एसडीएम ने दोनों कार्यालय में काम का जायजा लेने, कर्मचारियों की उपस्थित जांचने के साथ ही उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि एसडीएम गौरव कुमार सोमवार सुबह सबसे पहले हथवाला रोड स्थित पीडब्लयूडी कार्यालय पहुंचे। एसडीएम के वहां पहुंचते ही कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। एसडीएम ने वहां उपस्थित जेई से उनके कार्य क्षेत्र की सड़कों के निर्माण, पैच वर्क की डिटेल प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही सड़क मरम्मत व पैच वर्क की मेजरमेंट बुक (एमबी) दिखाने को कहा।
लेकिन कर्मचारी हर बात पर डिवीजन कार्यालय में रिकॉर्ड होने की बात कहते रहे। जिसके बाद एसडीएम ने फटकार लगाते हुए कहा कि अगर किसी भी कार्य का रिकॉर्ड नहीं है तो यहां कार्यालय खोलने की क्या आवश्यकता है। इसके बाद एसडीएम ने नगरपालिका पहुंचकर सबसे पहले हाउस टैक्स विभाग में रजिस्टर और रिकवरी रिकॉर्ड की जांच की। गत दो वर्ष के दौरान उन्नतीस लाख रुपये की रिकवरी नहीं होने पर उन्होंने सम्बंधित कर्मचारी को फटकार भी लगाई। साथ ही कमर्शियल, रिहाइशी और खाली प्लॉट की वार्ड अनुसार सूचि देने को कहा।
इस दौरान उन्होंने कहा कि कोरे कागजों में क्या ढूंढोगे तथा सचिव के नहीं आने पर भी टिप्पणी की। जन्म-मृत्यु रिकॉर्ड जांच करने के दौरान उन्होंने विंडो डीलिंग करने के लिए कहा और खिड़की के बाहर शेड लगवाने के निर्देश भी एमई को दिए। एसडीएम ने उपस्थिति और मूवमेंट रजिस्टर भी जांचे। एसडीएम ने पत्रकारों से बताया कि दोनों कार्यालय की रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।