हनुमान कॉलोनी में शनिवार की सुबह मौसरे भाई के साथ स्कूटर सीख रही महिला सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली से जा टकराई, जिसमें उसकी मौत हो गई। मौसेरा भाई भी घायल हो गया। भाई ने बताया कि बहन ने जिद कर हैंडल से उसका हाथ हटवा दिया था, जिसके बाद संतुलन बिगड़ने से हादसा हो गया। लोगों ने दोनों को देवी मंदिर नजदीक एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने बहन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंपा, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
हनुमान कॉलोनी निवासी भाई संदीप ने बताया कि वह मॉडल टाउन स्थित एक पिज्जा की दुकान में कार्यरत है और मालिक की स्कूटर लेकर घर पर आता था। शादीशुदा मौसेरी बहन सोनिया (32) रोज घर आकर स्कूटर सिखाने की जिद करती थी, जिस पर शनिवार की सुबह वह 10 बजे ड्यूटी पर जाने पहने बहन ने फिर से स्कूटर चलाना सिखाने की जिद की। हनुमान कॉलोनी के मोड़ बहन स्कूटर पर आगे बैठकर सीख रही थी और वह पीछे बैठकर संभाल रहा था। हैंडल भी पकड़ रखा था, तभी बहन ने उसके हाथ से हैंडल हटवा दिया। इसके साथ ही एक्सलेरेटर पर रेस देते ही सामने खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली से एक्टिवा जा टकराई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बहन को मृत घोषित कर दिया।
चार बच्चों की मां थी सोनिया, तीन साल से रह रही थी मायके में
मौसरे भाई दीपक ने बताया कि सोनिया की 13 साल पहले दिल्ली में शादी हुई थी, लेकिन दहेज प्रताड़ना से होकर वह रामनगर कॉलोनी में अपने मायके में आकर रह रही थी। सोनिया की मां बिमला ने मेहनत मजदूरी कर बेटी और दामाद को पानीपत में मकान दिलाया था, लेकिन पति ने उसे यहां पर भी परेशान रखा। जिसके बाद अब तीन साल से सोनिया अपने मायके में रह रही थी। सोनियां के चार बच्चे हैं, जिसमें निशा, निशांत, विवेक और राहुल है। वह राहुल को लेकर मायके में रहती थी।
बहन के ताने पर स्कूटर सिखाने पर भाई हो गया मजबूर
दीपक ने बताया कि उसने सोनिया से कहा था कि काम पर जाने पर देर हो जाएगी, बाद में स्कूटर चलाना सीखा देगा, जिस पर वह गुस्सा हो गई। इतने में उसने ताना किया कि सगी बहन को तो सीखा दिया और उसकी बारी आई तो काम पर जाने के लिए देरी हो रही है। इतना सुनकर दीपक सोनिया को स्कूटर सिखाने के लिए मजबूर हो गया था।
तीन चक्कर लगाकर, चौथे में खुद कोहनी मारकर हाथ हटाया
सोनिया तीन चक्कर मौसेरे भाई की मदद से गली के लगा चुकी थी, वहीं जब चौथे चक्कर आया तो सोनिया ने दीपक के हाथ को हैंडल से कोहनी मारकर हटाया। सोनिया पहले तो दीपक को नीचे उतारने की बात कह रही थी, लेकिन दीपक नीचे नहीं उतरा और पीछे बैठा रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, शव का परिजनों के बयान पर पोस्टमार्टम कराया। वहीं, 174 की कार्रवाई करते हुए शव को परिजनों को सौंप दिया।
-अतर सिंह, प्रभारी, किला थाना।