माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। अंसल सुशांत सिटी रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के आगामी चुनाव को लेकर कॉलोनी में सियासी पारा पूरी तरह गरमा गया है। अध्यक्ष पद की कुर्सी के लिए इस बार पांच दावेदार आमने-सामने हैं। अब सभी प्रत्याशियों की नजरें अंसल सुशांत सिटी के उन 117 डेलीगेट्स पर टिक गई हैं। वे नए अध्यक्ष की किस्मत का फैसला करेंगे। चुनावी माहौल के बीच प्रत्याशी अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के साथ-साथ विरोधियों के नाम वापसी की संभावनाओं पर भी अंदरूनी रूप से सक्रिय हो गए हैं।अंसल सिटी में इस बार का मुकाबला बेहद दिलचस्प होने जा रहा है। अध्यक्ष पद के लिए अमित वर्मा, राजीव जैन, प्रवीण गुप्ता, गौरव गोयल और आशीष राठी चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। 27 जून को नामांकन वापसी की अंतिम तिथि तय की गई है। इसके चलते चुनावी समीकरण लगातार बदल रहे हैं। सभी प्रत्याशी अपने-अपने विजन और प्राथमिकताओं को लेकर डेलीगेट्स के घर-घर जाकर लगातार संपर्क साध रहे हैं।
अंसल को निगम में शामिल कराना बड़ी मांग
इस बार चुनावी मैदान में उतरे सभी प्रत्याशियों का एक सुर में कहना है कि उनका मुख्य लक्ष्य अंसल सुशांत सिटी को नगर निगम के दायरे में शामिल कराना होगा ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके। इसके अलावा कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना, पार्कों का सौंदर्यीकरण व देखरेख, टूटी सड़कों की मरम्मत और पानी-बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं में सुधार करना उनकी मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
12 जुलाई को होगी मतगणना, विकास के नाम पर वोट
आरडब्ल्यूए चुनाव की मतगणना आगामी 12 जुलाई को होनी तय हुई है। चुनाव की तारीख नजदीक आते ही अंसल में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। वहीं, कॉलोनी के डेलीगेट्स का भी साफ कहना है कि वे इस बार केवल वादों पर नहीं, बल्कि अंसल सुशांत सिटी का वास्तविक विकास करने वाले सक्षम प्रत्याशी को ही चुनना पसंद करेंगे। इस अवसर पर आनंद मलिक, प्रवीन एसके राणा, रोहित गवा, मनू, मनोज अस्थाना और बृजमोहन शर्मा मौजूद रहे।