पानीपत। आयकर विभाग और पीडब्ल्यूडी में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर सात महिलाओं समेत 22 लोगों से एक गिरोह ने 52 लाख रुपये ठग लिए। इसके अलावा आरोपी एक महिला के घर से दस्तावेज व गाड़ी लेकर फरार हो गए। महिला ने मामले की शिकायत तहसील कैंप थाना पुलिस को दी, लेकिन उन्होंने दिल्ली का मामला होने की बात कहकर उन्हें दिल्ली भेज दिया। अंत में उन्होंने गृहमंत्री अनिल विज को शिकायत दी, जिन्होंने डीएसपी ट्रैफिक को मामले की जांच सौंपी और मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।
नूरवाला की इंद्रा विहार कॉलोनी निवासी नेहा चौधरी ने बताया कि वर्ष 2022 में फरीदाबाद के गांव जसाना निवासी पैरिस नागर ने दिल्ली के ककरोला निवासी मयंक मल्होत्रा से उससे व उसके पति प्रिंस से मिलवाया। उसने बताया कि मयंक की उच्च अधिकारी व राजनेताओं से अच्छी जान पहचान है। वह लोगों को सरकारी नौकरी लगवाता है। जिसके बाद पैरिस और मयंक का उनके घर आना जाना शुरु हो गया। मयंक ने उन्हें भी पीडब्ल्यूडी और आयकर विभाग में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया, वह उसकी बातों में आ गए और उन्होंने 11 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद मयंक ने उसे दिल्ली में बुलाया, जहां उसकी मोहित पांडेय, आकाश, अजीत, शुभम आदि से मुलाकात कराई। उन्होंने मयंक पर विश्वास कर लिया। कुछ दिनों बाद उन्होंने ज्वाइनिंग पत्र और आईडी कार्ड जारी किए, जो कि उन्हें डाक के द्वारा घर पर प्राप्त हुए।
नेहा चौधरी ने बताया कि उन्हें ज्वाइनिंग पत्र प्राप्त हुआ तो उसके रिश्तेदारों व मित्रगणों ने भी नौकरी लगवाने के लिए मयंक और पैरिस से संपर्क साधा। जिनमें कपिल अरोड़ा, लक्ष्य, साक्षी अरोड़ा, साजन नंदा, सोनम,मोहित मनचंदा, साहिल, कशिश, वानिका, अनिल, कुनाल, कनिष्क, कीर्ति गुलाटी, जोगिंद्र, सतेंद्र, कृष्णा, तमन्ना, रितू, हिमांशु, मोहित और रुपांश से 51 से 52 लाख रुपये हड़प लिए। जब उन्होंने ज्वाइनिंग कराने की बात कही तो आरोपियों ने पत्र और कार्ड बन जाने और जल्द ही सबको ट्रेनिंग पर भेजने की बात कही।
महिला ने बताया कि वह अपनी शिकायत लेकर तहसील कैंप थाने में गए। वहां कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद वह दिल्ली गई, जहां पर उन्होंने कहा कि उनकी पेमेंट का लेन-देन ऑनलाइन पानीपत में हुआ है, इसलिए पानीपत का मामला बनता है, वहां पर शिकायत दो। वह दोबारा पानीपत तहसील कैंप थाने आए तो यहां फिर से दिल्ली जाने की बात कही गई। उन्होंने पुलिस से थककर गृहमंत्री अनिल विज को शिकायत दी।
मामले की हो रही जांच
महिला की शिकायत के आधार पर दो नामजद समेत कई के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, मामले की जांच शुरू कर दी है।
- फूल कुमार, प्रभारी, तहसील कैंप थाना