अंबाला सिटी। पॉश इलाके सेक्टर-7 में संपत्ति बेचने के नाम पर दिल्ली के एक कारोबारी के साथ ठगी की गई है। आरोपी दंपती ने पहले कारोबारी को विश्वास में लेकर एग्रीमेंट किया और बैनामा कराने का झांसा देकर 1.27 करोड़ रुपये (नकद व बैंक ट्रांसफर के जरिए) ठग लिए।
जब सौदा पूरा करने का समय आया तो आरोपी की पत्नी अपने ही पति का पावर ऑफ अटॉर्नी (जीपीए) रद्द होने का बहाना बनाकर पलट गई। व्यवसायी की शिकायत पर आर्थिक अपराध शाखा की ओर से की गई जांच के बाद थाना सेक्टर-9 पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
दिल्ली के न्यू राजधानी एन्क्लेव निवासी और मैसर्स जय इन्फ्रा के प्रोपराइटर जितेंद्र अरोड़ा ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि जनवरी 2025 के पहले सप्ताह में आरोपी अनिल लाल जैन और उनकी पत्नी निशा जैन (जोकि सेक्टर-7, अर्बन एस्टेट स्थित 605 वर्ग गज के मकान की वास्तविक मालकिन हैं) ने उनसे संपर्क किया था।
आरोपियों ने विश्वास दिलाया कि यह संपत्ति पूरी तरह विवाद-मुक्त है। इस पर भरोसा करते हुए 27 मार्च 2025 को 3 करोड़ 2.5 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। सौदे के तहत शुरुआत में टोकन और एग्रीमेंट के समय 7 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से आरोपियों को दिए गए। आरोपियों के दबाव में 1.20 करोड़ रुपये के 12 पोस्ट-डेटेड चेक सुरक्षा के तौर पर दिए गए थे।
बाद में आरोपी अनिल जैन ने बैंक की तकनीकी समस्या का बहाना बनाकर वे चेक वापस करने की एवज में 1.20 करोड़ रुपये की राशि नकद ले ली और इसकी लिखित रसीद भी दी।