अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। बबैल रोड स्थित फैक्ट्री का कुंडा तोड़कर चोर लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। फैक्ट्री में देर रात हुई वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में तीन बदमाश लोहे की रॉड से गेट का कुंडा तोड़ते हुए नजर आ रहे हैं। सूचना पर पहुंची बलजीत नगर नाका चौकी पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। फैक्ट्री मालिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
करतार शाह नगर निवासी हरचरण सिंह धम्मू की बबैल रोड पर दशमेश इंटर प्राइजेज के नाम से फैक्ट्री है। हरचरण सिंह ने बताया कि फैक्ट्री को उनका बेटा विक्रमजीत सिंह संभालता है। वीरवार शाम करीब सात बजे फैक्ट्री बंद कर घर वह आ गए थे। शुक्रवार सुबह जब फैक्ट्री पर पहुंचे तो मेन गेट का कुंडा टूटा था। चोर कुंडा तोड़ अंदर दाखिल हुए और कार्यालय की खिड़की का शीशा तोड़ अंदर रखी अलमारी तोड़ ली। अलमारी में केवल फाइलें थीं। चोरों ने कार्यालय को खंगालते हुए एक लैपटॉप, डीवीडी प्रिंटर, ड्रिल मशीन, टूल्स, वेल्डिंग सीट की कॉपर की लंबी लीड, बिजली के तारों के बंडल, इनवर्टर, बैट्री और पांच हजार रुपये चोरी कर लिए।
चोर करीब 50 मिनट तक रहे फैक्ट्री में
फैक्ट्री में हुई चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि तीन चोर रात 01:56 बजे फैक्ट्री का कुंडा तोड़कर अंदर दाखिल होते हैं और 02:45 बजे चोरी की वारदात को अंजाम देकर निकल जाते हैं। चोर फैक्ट्री में करीब 50 मिनट तक रहे।
बबैल रोड स्थित फैक्ट्री से देर रात लाखों रुपये कीमती सामान चोरी हो गया है। चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद है। फुटेज में तीन चोर नजर आ रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज से चोरों को पहचानने का प्रयास किया जा रहा है। फैक्ट्री मालिक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंद्र सिंह, प्रभारी, बलजीत नगर चौकी, पानीपत।