पीडब्ल्यूडी ने असंध रोड रेलवे ओवरब्रिज के ज्वाइंट और बोरिंग बदलने का काम शुरू कर दिया है। पीडब्ल्यूडी ज्वाइंट और बोरिंग बदलने के साथ रेलिंग व फुटपाथ को भी मजबूत बनाएगा। विभाग के अनुसार पांच मई या अगले सप्ताह से असंध रोड को वाहनों के आवागमन को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। इसको लेकर वाहन चालकों में अभी से ऊहापोह की स्थिति बनी है।
वहीं, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने मरम्मत कार्य को आरओबी की लाइफ बढ़ाने वाला बताया है।
असंध रोड रेलवे ओवरब्रिज 1995 में बनकर तैयार हो गया था। शहर में रेलवे ट्रैक पार करने में सबसे ज्यादा प्रयोग में लाया जा रहा है। ऐसे में पुल पर सबसे ज्यादा दबाव बना हुआ है। पीडब्ल्यूडी ने अब पुल के ज्वाइंट बदलने और बोरिंग करने का फैसला लिया है। इस पर करीब एकक करोड़ रुपये का बजट बनाया गया है। पीडब्ल्यूडी ने असंध रोड रेलवे ओवरब्रिज पर बोरिंग बदलने का काम शुरू कर दिया है।
पांच मई या अगले सप्ताह से यातायात बंद
असंध रोड आरओबी की मरम्मत के दौरान यातायात को पूरी तरह से बंद किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की माने तो इसको पांच मई या अगले सप्ताह से बंद कर दिया जाएगा। इसको अगले दो माह तक पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। विभाग ने जुलाई माह में काम पूरा करने का दावा किया है।
इसलिए पड़ी ज्वाइंट बदलने की जरूरत
पीडब्ल्यूडी के अनुसार असंध रोड रेलवे ओवरब्रिज करीब 20 साल से ज्यादा हो गया है। आरओबी के पिलर्स को बचाए रखने के लिए इसमें ज्वाइंट और बोरिंग डाले जाते हैं। जो पुल पर पड़े वजन को सहन कर लेते हैं और पुल को पिलर्स से टकराने से रोकते हैं। ज्वाइंट और बोरिंग की लाइफ 10 से 15 साल होती है। असंध रोड आरओबी के ज्वाइंट और बोरिंग के निर्धारित समय से करीब पांच साल अधिक हो गए हैं। ऐसे में इसको अब बदलना सुरक्षा की दृष्टि से जरूरी है।
जाटल रोड आरओबी सबसे नजदीक
असंध रोड आरओबी मरम्मत कार्य के दौरान बंद करने पर सबसे ज्यादा परेशानी मॉडल टाउन और असंध रोड के लोगों को उठानी पड़ेगी। वहीं वार्ड-21, 22, 23 व 24 के लोगों को भी दूसरे विकल्प तलाशने होंगे। प्रशासनिक अधिकारियों ने रेलवे के दोनों अंडरपास और जाटल रोड आरओबी को इस्तेमाल के लिए रूट तैयार किया है। पुलिस ने भी इसको लेकर एक्सरसाइज शुरू कर दी है।
गोहाना रोड आरओबी का डिजाइन अप्रूव
पीडब्ल्यूडी ने गोहाना रोड आरओबी के ज्वाइंट और बोरिंग बदलने को लेकर करीब एक करोड़ का बजट मंजूर किया गया था। इसका कुछ काम पूरा कर दिया गया है, जबकि फुटपाथ को बनाने काम अधूरा छोड़ दिया गया है। वहीं, इसके बोरिंग का डिजाइन भी अब पास हुआ है और पीडब्ल्यूडी अधिकारी इसको जल्द ही पूरा करने का दावा कर रहे हैं।
वर्जन
असंध रोड आरओबी के ज्वाइंट बदलने और बोरिंग की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। आरओबी को पांच मई या फिर अगले सप्ताह आवागमन को लेकर पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। वे करीब दो माह तक काम को पूरा कर लेंगे। इस दौरान आरओबी से पूरी तरह से आवागमन बंद रहेगा। गोहाना रोड आरओबी के फुटपाथ का कुछ हिस्सा बाकी है। उसको भी जल्द ही पूरा करा दिया जाएगा।
रामधारी सिंह, एसडीई, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर, पानीपत।