माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। सेवानिवृत पेंशनरों को अपने जीवित होने का प्रमाण-पत्र देना होगा। इसके साथ गैर विवाह और गैर रोजगार प्रमाण-पत्र ऑनलाइन जमा किए जाएंगे। जिला खजाना विभाग ने इसके लिए नवंबर महीने का समय दिया है। सेवानिवृत पेंशनर अलग-अलग दिन में नाम के हिसाब से प्रमाण-पत्र जमा करा सकेंगे। इसके लिए शेड्यूल जारी किया गया है।
जिला खजाना अधिकारी हजारा सिंह ने बताया कि खजाना कार्यालय पानीपत एवं अधीनस्थ उप खजाना कार्यालय बापौली, समालखा, मतलौडा व इसराना में प्रदेश सरकार से सेवानिवृत्त पेंशनरों के नवंबर -2025 में ऑनलाइन माध्यम से जीवन जीवन प्रमाण पत्र, गैर विवाह प्रमाण पत्र एवं गैर-रोजगार प्रमाण पत्र जमा किए जाने हैं।
इस दिन इस नाम के करा सकेंगे जमा
तीन नवंबर को ए-अक्षर, चार को बी-अक्षर के पेंशनर अपने प्रमाण-पत्र जमा सकेंगे। पांच नवंबर को सरकारी अवकाश रहेगा। छह को सी व डी-अक्षर, सात को ई व एफ अक्षर के जमा करा सकेंगगे। आठ व नौ नवंबर को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। 10 को जी व एच-अक्षर, 11 को आई व जे अक्षर, 12 को के व एल-अक्षर, 13 को एम व एन-अक्षर, 14 को ओ, पी व क्यू अक्षर के पेंशनर अपने प्रमाण-पत्र जमा करा सकेंगे। 15 व 16 नवंबर को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। 17 व 18 नवंबर को आर, 19 व 20 को एस अक्षर और 21 नवंबर को टी, यू, वी, डब्ल्यू, एक्स, वाई व जेड-अक्षर के पेंशनर अपना जीवन प्रमाण-पत्र जमा करा सकेंगे। इंग्लिश वर्णमाला के अनुसार अपने नाम के प्रथम अक्षर के हिसाब से ही कार्यालय में हाजिर होना है। बाकी के प्रमाण-पत्र नहीं लिए जाएंगे।
ये भी साथ लाना होगा
हजारा सिंह ने बताया कि पेंशनरों को पेंशन बुक, आधार कार्ड, मोबाइल फोन (ओटीपी के लिए) व बैंक पासबुक लानी होगी। सभी पारिवारिक पेंशनरों को अनिवार्य रूप से कोषालय में अपना गैर-विवाह प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए हाजिर होना है। उन्होंने बताया कि पेंशनर घर बैठे (स्थिति जब पेंशनर शारीरिक रूप से अक्षम हो) भी ऑनलाइन अपना जीवन प्रमाण पत्र मोबाइल एप, इंडिया पोस्ट ऑफिस, नजदीकी सीएससी सेंटर की सहायता से जमा कर सकते हैं। अगर पेंशनर शय्याग्रस्त हैं तो सक्षम चिकित्सा अधिकारी से मेडिकल प्रमाण-पत्र कोषालय में जमा कराना होगा।
ये भी करना होगा
जिला खजाना अधिाकारी हजारा सिंह ने सभी पेंशनर अपना जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने से पहले अपना आधार बायोमेट्रिक डाटा आधार सेंटर पर जाकर अपडेट करवा लें। इससे ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र जमा करते समय आधार बायोमेट्रिक डाटा का तुरंत मिलान हो सकेगा।